बच्चों ने दिया भ्रष्टाचार मुक्त भारत का संदेश
0 महर्षि पतंजलि विद्या मंदिर, केंद्रीय विद्यालय ओल्ड कैंट में सतर्कता सप्ताह सम्पन्न
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
महर्षि पतंजलि विद्या मंदिर और केंद्रीय विद्यालय ओल्ड कैंट में आयोजित सतर्कता जागरूकता सप्ताह सोमवार को सम्पन्न हुआ। महर्षि पतंजलि में कार्यक्रम के अंतर्गत कक्षा पांच एवं छह के विद्यार्थियों ने ‘भ्रष्टाचार मुक्त भारत’ विषय विभिन्न तरह के कार्टून बनाए। इसी कड़ी में कक्षा आठ के विद्यार्थियों ने ‘भ्रष्टाचार प्रदूषण के समान है, जो लगातार फैलता है और हमारे विचारों में भटकाव लाता है’ तथा ‘देश को आगे बढ़ाना है, भ्रष्टाचार हटाना है’ विषय पर स्लोगन लिखे।
पतंजलि के कक्षा नौ एवं 10 के विद्यार्थियों ने परस्पर बातचीत के जरिए भ्रष्टाचार रोकने की बात समझायी। कक्षा 10 के विद्यार्थियों ने निबंध प्रतियोगिता हुई, जबकि 11वीं के विद्यार्थियों के बीच वाद-विवाद प्रतियोगिता हुई। समापन कार्यक्रम में प्रधानाचार्या सुष्मिता कानूनगो ने कहा कि बच्चों के साथ हम सभी का उद्देश्य देश से भ्रष्टाचार खत्म करना है। वहीं केंद्रीय विद्यालय ओल्ड कैंट में सतर्कता जागरूकता सप्ताह में भ्रष्टाचार के मुद्दे पर निबंध, प्रश्नोत्तरी, चित्रकला आदि प्रतियोगिता हुईं। प्रधानाचार्या शालिनी दीक्षित ने कर्मचारियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को सार्वजनिक जीवन में शुचिता और पारदर्शिता अपनाने का संदेश दिया। डॉ.सीएम त्रिपाठी ने कंप्यूटर की मदद से सभी को ई-शपथ दिलाई। इसमें पुस्तकालयाध्यक्ष ईश्वर चंद्र, शिक्षक प्रेम नारायण उपाध्याय, रमेश यादव आदि शामिल थे।
रंगारंग कार्यक्रम में मनाया वार्षिकोत्सव
इलाहाबाद। सैनिक बाल विकास वीएमबी इंटर कॉलेज का वार्षिकोत्सव सोमवार को उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के सभागार में आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि डीआईओएस आरएन विश्वकर्मा रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश स्तुति से हुआ। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने विविध मोहक नृत्य नाटिका एवं रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इसमें कैंटोमेंट बोर्ड के सीईओ सीके रेड्डी, एनसीजेडसीसी के निदेशक नरेंद्र सिंह, कैंटोमेंट बोर्ड की डॉ.सुनीता गौर, रुचीज इंस्टीट्यूट की निदेशक डॉ. रुचि मित्तल, एके कनौजिया, अरविंद कुमार आदि शामिल थे। संचालन आशा डोबरियाल एवं धन्यवाद ज्ञापन प्रबंधक कुलदीप शर्मा ने किया।
जीजीआईसी में वाद-विवाद प्रतियोगिता 10 को
इलाहाबाद। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी) में जिला स्तरीय महादेवी वर्मा वाद-विवाद प्रतियोगिता 10 नवंबर को होगी। प्रधानाचार्या डॉ. इंदू सिंह के मुताबिक सुबह 10 बजे से शुरू होने वाली प्रतियोगिता में सभी विद्यालयों के कक्षा आठ से 10 तक के ब्लाक स्तर पर विजयी छात्र-छात्राएं शामिल होंगे।
बीआरसी सह-समन्वयकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू
इलाहाबाद। शिक्षा में गुणवत्ता, शिक्षण के साथ उसके सम्यक अनुश्रवण से उन्नत हो सकती है। इसके लिए सहयोगात्मक पर्यवेक्षण आवश्यक है। वस्तुत: कोई भी नीति या नियम तभी सफल हो सकता है, जब उसके क्रियान्वयन में समर्पित भाव से लगा जाए। ये बातें राज्य शैक्षिक प्रबंधन एवं प्रशिक्षण संस्थान (सीमैट) में आयोजित बीआरसी सह-समन्वयकों के तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के उद्घाटन पर सोमवार को निदेशक संजय सिन्हा ने कही।
संजय सिन्हा ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था के कतिपय संरचनागत घटक होते हैं, जो समग्र रूप से शिक्षा की गुणवत्ता को प्रभावित करते हैं। इनमें पाठ्यक्रम निर्माण, पाठ्य सामग्री संरचना, अध्यापक प्रशिक्षण, कक्षा शिक्षण, शैक्षिक प्रशासन/निरीक्षण, पर्यवेक्षण, अनुश्रवण, मूल्यांकन आदि घटक मुख्य हैं। विभागाध्यक्ष डॉ. अमित खन्ना ने प्रशिक्षण कार्यक्रम के उद्देश्य बताए। कार्यक्रम अधिकारी प्रभात मिश्रा ने बताया कि यह कार्यक्रम 30 बैचों में 24 जनवरी तक चलेगा। उद्घाटन में औरैया एवं अलीगढ़ के बीआरसी सह समन्वयक शामिल हुए। इस मौके पर सरिता सिंह, पीएम अंसारी, शुभ्रांशु कुमार उपाध्याय, पवन सावंत, सरदार अहमद, बीआर आबिदी, डॉ.अरविंद श्रीवास्तव आदि मौजूद थे।