प्रयागराज। अनफिट और मानकों के विपरीत चल रहे स्कूल वाहनों के खिलाफ विशेष जांच अभियान के दूसरे दिन चाका में एक ऐसे खटारा टेंपो को पकड़ा गया, जिसके नौ सीटों पर 18 बच्चे बिठाए गए थे। टेंपो एवन पब्लिक स्कूल से संबद्ध था। आरटीओ प्रवर्तन की टीम ने टेंपो को सीज कर दिया।
इसी प्रकार विभिन्न विद्यालयों से संबद्ध अनफिट पांच बसों को सीज किया गया। स्कूल प्रबंधनों को आरटीओ विभाग ने नोटिस जारी करते हुए तत्काल फिटनेस कराने का निर्देश दिया।
आरटीओ प्रवर्तन की दो टीमें गंगापार व यमुनापार और चार टीमें शहर के सिविल लाइंस, मेडिकल, धोबीघाट और जार्जटाउन में तैनात हुई। अभियान में 26 स्कूली वाहनों का चालान किया गया। यह सभी नियमों के विपरीत चल रहे थे।
वैन में लगेज की तरह ठूंसे जाते हैं बच्चे
स्कूल खुलते ही निजी वैन से बच्चों को स्कूल लाने और ले जाने का काम शुरू हो गया है। इन वाहनों में बच्चों को लगेज की तरह ठूंसा जाता है। मात्र नौ सीटों की वैन में 13 से 14 बच्चे बिठाए जाते हैं। इतना हीं नहीं, कुछ वैन में पीछे की डिग्गी में पटरा लगाकर बच्चों को बैठाया जाता है।
स्कूली वाहन में सीटों के आधार पर बच्चों को बिठाने का प्रावधान है। ऐसे में अगर नियमों के विपरीत बच्चों को बैठाकर कोई स्कूल वाहन संचालित पाया जाता है, तो उसके खिलाफ ठोस कार्रवाई होगी। - संजीव गुप्ता, आरटीओ प्रवर्तन