प्रयागराज मेला प्राधिकरण के प्रारूप को शनिवार को मंजूरी मिल गई। इसी के साथ नियुक्ति का भी रास्ता साफ हो गया। हालांकि भर्ती आउटसोर्सिंग से होगी। कोर कमेटी की पहली बैठक में वित्तीय वर्ष 2018-19 का बजट भी स्वीकृति हो गया। आगामी सत्र में प्राधिकरण 178 करोड़ रुपये खर्च करेगा।
कुंभ-2019 का आयोजन प्राधिकरण कराएगा। इसके मद्देनजर वेबसाइट, फेसबुक पेज के निर्माण के साथ विभिन्न आयोजन अभी से शुरू होने हैं। कुंभ के तहत शुरू निर्माण कार्यों की निगरानी भी प्राधिकरण को करनी है। लेकिन संसाधन नहीं होने की वजह से कई काम रुके हुए हैं। अब अफसरों और कर्मचारियों की नियुक्ति तथा बजट स्वीकृति होने के बाद इन कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है। कोर कमेटी की बैठक में स्वीकृत 178 करोड़ रुपये से प्राधिकरण के भवन का निर्माण समेत अन्य काम होंगे। कुंभ मेलाधिकारी विजय किरन आनंद ने बताया कि आउट सोर्सिंग से कर्मचारियों की नियुक्ति का निर्णय लिया गया। इसके लिए जल्द प्रक्रिया शुरू की जाएगी। कुंभ की योजनाओं के लिए भूमि अधिग्रहण की जिम्मेदारी कुंभ मेलाधिकारी को दी गई। बैठक में मंडलायुक्त डॉ.आशीष कुमार गोयल, डीएम सुहास एलवाई समेत कमेटी के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
प्राधिकरण पर्यटन और विज्ञापन के माध्यम से आय बढ़ाएगा। कोर कमेटी की बैठक में इसके मद्देनजर कुंभ और माघ मेला के अलावा प्रदर्शनी, समारोह आदि के आयोजन का निर्णय लिया गया। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए अन्य आयोजन भी होंगे। विभिन्न आयोजनों के लिए इनोवेशन एजेंसी तथा सलाहकारों की भी नियुक्ति होगी। चयनित एजेंसी कार्यक्रम कराने के अलावा पर्यटकों की सुविधा का भी ध्यान रखेगी। कमेटी बनाकर आय के अन्य स्त्रोत भी तलाशे जाएंगे। कुभ आयोजन में 10 इंटर्न रखे जाएंगे। ये आईआईटी तथा अन्य संस्थानों से होंगे। चयनित इंटर्न तकनीकी के साथ हर स्तर पर प्राधिकरण की मदद करेंगे। विभिन्न विभागों के काम में भी मदद करेंगे। इनके चयन की प्रक्रिया इसी महीने शुरू होने की उम्मीद है।
बैठक के महत्वपूर्ण निर्णय
0 मेला क्षेत्र में पूरेे वर्ष होंगे आयोजन
0 दिव्यांगों, महिलाआें के लिए होंगे स्नान घाट
0 मेला क्षेत्र में बाल मजदूरी पर पूर्णत: प्रतिबंध
0 खोया पाया केंद्र का होगा आधुनिकीकरण
0 कुंभ में लागू होगा बायोमेट्रिक अटेंडेंस