प्रयागराज। इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एण्ड रूरल टेक्नालॉजी (आईईआरटी) में नए शैक्षिक सत्र में डिप्लोमा इंजीनियरिंग की 975 सीटों पर प्रवेश के लिए मंगलवार को हुई काउंसलिंग में 173 अभ्यर्थियों ने काउंसलिंग करवाई। कोरोना संक्रमण को देखते हुए डिप्लोमा इंजीनियरिंग में प्रवेश के लिए 200 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था। पहले दिन की काउंसलिंग में सिविल, कंस्ट्रक्शन टेक्नोलॉजी और इलेक्ट्रिकल में सामान्य और ओबीसी की ओपेन वर्ग की सभी सीटें भर गईं।
बुधवार को भी काउंसिलिंग के लिए 200 छात्रों को बुलाया गया है। प्रवेश परीक्षा में डिप्लोमा इंजीनियरिंग की 975 सीटों के सापेक्ष कुल 2703 अभ्यर्थी सफल हुए हैं।इससे पहले सोमवार को मैनेजमेंट कोर्स में दाखिले के लिए काउंसलिंग में 152 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था, इसमें आधे छात्रों ने ही काउंसलिंग के बाद प्रवेश लिया। मैनेजमेंट कोर्स में पहले से ही 225 सीट के सापेक्ष कम 152 अभ्यर्थी ही सफल हुए थे। इस प्रकार कोरोना संकट के दौरान मैनेजमेंट की आधी सीटें खाली रह गईं।
प्रवेश परीक्षा सचिव डॉ. केबी सिंह ने बताया कि कोरोना संक्रमण के चलते काउंसलिंग के लिए कोविड-19 की गाइड लाइन के अनुसार अभ्यर्थियों को बुलाया जा रहा है। आइईआरटी में प्रवेश के लिए 15 सितंबर को मैनेजमेंट और 18 सितम्बर को डिप्लोमा इंजीनियरिंग की प्रवेश परीक्षा हुई थी। परिणाम 28 सितम्बर को जारी किया गया था।