खराब सड़कों पर चलना दूभर,
चोटिल हो रहे बुजुर्ग, विद्यार्थी
जनहित संकल्प समिति ने की शास्त्रीनगर की समस्याओं के समाधान की मांग
प्रयागराज। जनहित संकल्प समिति, शास्त्रीनगर की ओर से नगर निगम प्रशासन पर शास्त्रीनगर के विकास कार्यों की उपेक्षा किए जाने का आरोप लगाया गया है। समिति अध्यक्ष महेश चंद्र श्रीवास्तव ने कहा, दुर्गा पूजा मैदान से लेकर विद्या मंदिर स्कूल तक की मोहल्ले की मुख्य सड़क अरसे से ऊबड़-खाबड़ है। इससे पास-पड़ोस के क्षेत्रों से आकर स्कूल जाने वाले बच्चों सहित आए दिन मार्निंग वॉक करने वाले बुजुर्ग भी चोटिल हो रहे हैं। वहीं ट्रांसफार्मर के पास कूड़े का अंबार लगा रहता है।
मंत्री राकेश कुमार पांडेय ने कहा, बीते दिनों निगम की ओर से पौधे लगाने की पहल की गई लेकिन ट्रीगार्ड न होने से सभी पौधे नष्ट हो गए। जरूरी है कि ट्री गार्ड के साथ ही पौधे लगाएं जाएं। सदानंद चटर्जी ने कहा, प्रिटिंग प्रेस वाली गली में एक भी विद्युत पोल न होने से गली में अंधेरा रहता है जिससे अराजक तत्व जुटते हैं और चोरी की घटनाएं भी बढ़ी हैं। विद्या मंदिर में हुई बैठक में शामिल तारकनाथ दा, प्रवीण श्रीवास्तव, राजेश, क्षीरेश्वर पांडेय, जगदीश केसरवानी, अतुल कपूर, विजय मिश्रा, सिद्धनाथ शुक्ला, राजकुमार, विजय मोंगिया आदि ने नगर आयुक्त और महापौर से क्षेत्र की समस्याएं दूर कराने की मांग की है।
00
शहर को स्वच्छ बनाने की शपथ
प्रयागराज। पीस आफ इंडिया जिला शहर कमेटी की एक बैठक में जुटे पदाधिकारियों ने शहर को स्वच्छ बनाने की शपथ ली। साथ ही लोगों को जागरूक करने का संकल्प लिया। बैठक में राष्ट्रीय सचिव सत्या पांडेय, सुशील तिवारी, रीटा सोढ़ी, लक्ष्मी बहुगुणा, रीना, नागेन्द्र शुक्ल आदि मौजूद थे।