बूंदाबांदी ने बढ़ाई उमस पर बादल नहीं हुए टस से मस
पारा दो डिग्री लुढ़का पर तपन संग उमस ने किया बेहाल
धूप से तपीं सड़कें, अकुलाए लोग, पसीना निचोड़ रहा शरीर
मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट, अटका मानसून
इलाहाबाद। आवारा बादलों का भटकाव मानसून एक्सप्रेस की राह में बाधा बना है। रविवार रात कहीं-कहीं हुई हल्की बूंदाबांदी ने उमस बढ़ा दी है। सोमवार को पारा दो डिग्री लुढ़ककर 38.9 पर आया लेकिन तपन से राहत नहीं मिली। हालात ऐसे हैं कि पसीना लोगों को शरीर निचोड़ रहा है। मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी कर बता दिया है कि मानसून अटक गया है। वैसे बारिश की संभावना बनी है।
सोमवार को सुबह से ही तेज धूप से लोग परेशान रहे। चिपचिपी गर्मी के साथ उमस इस कदर रही कि न घर में चैन था और न ही बाहर। पसीना लोगों के शरीर को निचोड़ रहा है। इस कारण लोग मौसमी बीमारियों का शिकार हो रहे हैं। तपन के कारण सड़कें गर्म तवे की तरह तप रही हैं। धूल के गुबार पसीने के साथ मिलकर लोगों की चमड़ी खराब कर रहे हैं।
मानसून अटकने के बारे में मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अगले चार दिन में बारिश नहीं हुई तो स्थिति का आकलन कर संभावित स्थिति के बारे में जानकारी दी जाएगी। मौसम विज्ञानी प्रोफेसर एचएन मिश्रा के मुताबिक सारी स्थितियां बारिश के अनुकूल हैं, बादलों का छाना फिर उड़ जाना चकित करने वाला है। उन्होंने बताया कि बंगाल की खाड़ी से उठने वाली पूर्वी हवाएं पश्चिम की तरफ बढे़ंगी, तभी बारिश होगी। उन्होंने संभावना जताई है कि 12 से 15 जुलाई के बीच मानसून पूरी तरह सेंट्रल जोन के ट्रैक पर आ जाएगा। इस बीच बारिश से इनकार नहीं है।