अन्नपूर्णा भोजनालय के लिए ध्वस्त
की जाएगी नगर निगम पुलिस चौकी
सीएम के ड्रीम प्रोजेक्ट के लिए नगर निगम ने भेजा 28 करोड़ का शासन को प्रस्ताव
रसोई, एक हॉल और आरओ मशीन के साथ शौचालय निर्माण भी होगी
इलाहाबाद। कुंभ में आने वाले तीर्थ यात्रियों, श्रद्धालुओं के लिए नगर निगम मुख्यद्वार पर अन्नपूर्णा भोजनालय जल्द आकार लेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट के तहत यहां आने वालों को दस रुपये में भोजन कराया जाएगा। भोजनालय निर्माण के लिए नगर निगम मुख्यद्वार पर स्थित पुलिस चौकी भवन जल्द ही ध्वस्त कराया जाएगा। ध्वस्तीकरण और निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है।
पीपीपी मॉडल पर संचालित होने वाले अन्नपूर्णा भोजनालय में भोजन करने वालों को सिर्फ दस रुपये लिए जाएंगे। हर दिन नया मेन्यू होगा। साथ में आरओ का ठंडा पानी भी उपलब्ध कराया जाएगा। शर्तों के मुताबिक भोजनालय संचालित करने वाली संस्था को नुकसान की भरपाई के लिए सब्सिडी देने दी जाएगी। महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी के मुताबिक नगर निगम मुख्य द्वार पर अन्नपूर्णा भोजनालय निर्माण के लिए स्थान चिह्नित कर लिया गया है। इसके लिए यहां स्थित नगर निगम पुलिस चौकी भवन ध्वस्त किया जाएगा।
महापौर के मुताबिक अन्नपूर्णा भोजनालय के लिए आधुनिक रसोई के साथ लोगों के बैठने के लिए एक सुविधाजनक हॉल बनाया जाएगा। हॉल में कुर्सी, मेज के साथ शुद्ध पेयजल की व्यवस्था होगी। आरओ वाटर मशीन भी लगाई जाएगी। साथ ही महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय भी बनाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि अन्नपूर्णा भोजनालय शहर के बीच और स्टेशन के निकट हो, इसलिए नगर निगम गेट पर इसके निर्माण का निर्णय लिया गया है। 28 करोड़ खर्च का अनुमान है। शासन की स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।