सीसीटीवी और जीपीएस से लैस होंगी रोडवेज की बसें
0 कुंभ के लिए आ रही एक हजार नई बसों में लगे होंगे सीसीटीवी कैमरे
0 परिवहन मंत्री ने कहा, आने वाले समय में सूबे की सभी बसों में होंगे कैमरे
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। यूपी रोडवेज की नई बसें जीपीएस और सीसीटीवी कैमरे से भी लैस होंगी। यूपी रोडवेज ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। कुंभ मेले के लिए आ रहीं एक हजार बसों में सीसीटीवी कैमरे लगे होंगे। रोडवेज की ओर से इसके लिए टेंडर प्रक्रिया जल्द ही की जाएगी। सूबे के परिवहन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने इसकी पुष्टि भी की है। बताया कि सूबे की सभी बसें सीसीटीवी से लैस होंगी।
दरअसल, इस बार कुंभ मेले के दौरान विभिन्न स्थानों से आने वाले श्रद्धालुओं की भारी संख्या को देखते हुए यूपी रोडवेज ने आठ हजार बसें मेला अवधि में चलाने का निर्णय लिया है। भीड़ बढ़ने पर बसों की संख्या बढ़ाई भी जा सकती है। कुंभ मेले के अवसर पर रोडवेज इस बार एसी बसों की भी व्यवस्था करने जा रहा है। इसके लिए रोडवेज ने 150 एसी बसों को मेला अवधि में चलाने की तैयारी की है। रोडवेज द्वारा कुल 124 मार्गों पर बसें चलाए जाने की तैयारी की गई है। कुंभ मेला के लिए भी रोडवेज एक हजार नई बसें भी ला रहा है। ये नई बसें सीसीटीवी और जीपीएस से लैस होंगी। अंमर उजाला से हुई अनौपचारिक बातचीत में परिवहन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से ही नई बसों में सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्देश दिया गया है। बताया, पहली बार यूपी रोडवेज ने 122 करोड़ की कमाई की है। यात्रियों की सुरक्षा के लिए आने वाले समय में प्रदेश भर में चल रही सभी एसी, जनरथ एवं नॉन एसी बसें सीसीटीवी कैमरे से लैस कर दी जाएंगी। इसकी शुरुआत कुंभ मेले के दौरान की जा रही है।