पीएम आवास योजना के लिए आगे नहीं आए पात्र
0 सख्ती के बाद घट गए आवेदक, 14005 के सापेक्ष मात्र 5124 आवेदन
इलाहाबाद। प्रधानमंत्री आवास योजना में अनियमितता के खिलाफ सख्ती के बाद आवेदकों की संख्या भी घट गई है। स्थिति यह है कि लक्ष्य के सापेक्ष आधे से भी कम आवेदन आए हैं। इस सत्र में 14005 पात्रों को आवास देने का लक्ष्य रखा गया है लेकिन मात्र 5124 अभ्यर्थी ही आए।
इस योजना में पूर्व में बड़े स्तर पर गड़बड़ी सामने आई है। अपात्रों को आवास आवंटित कर दिया गया। जांच के बाद अफसरों, लाभार्थियों के साथ ग्राम प्रधानों, सचिवों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। इसके बाद स्थिति उलट गई है। आवास के लिए अब आवेदक ही नहीं मिल रहे हैं। वित्तीय वर्ष 2017-18 में अनुसूचित जाति के 14005 पात्रों को आवास केलिए मदद का लक्ष्य रखा गया है। इसके विपरीत विकास खण्डों से 5124 आवास ही दिए गए। सीडीओ को बताया गया है कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण की प्राथमिक सूची में आवास प्राप्त करने के लिए अब कोई पात्र परिवार शेष नहीं है। ऐसे में अब नए सिरे से आवेदन मांगे गए हैं। सीडीओ सैमुअल पॉल एन. ने बताया कि पात्र अभ्यर्थी एक-दो दिन में विकास खण्ड के अधिकारियों से सम्पर्क कर लें। अन्यथा, शासन को सूचित कर दिया जाएगा कि अनुसूचित जाति की सूची में अब कोई पात्र परिवार आवास पाने से वंचित नही रह गया है।