यूपी बोर्ड परीक्षाओं के लिए आवेदन 20 अगस्त तक
0 डीआईओएस ने जिले के सभी माध्यमिक विद्यालयों को जारी किए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
यूपी बोर्ड से आदेश जारी होने के बाद अब जिला विद्यालय निरीक्षण (डीआईओएस) ने जिले के सभी राजकीय, सहायता प्राप्त एवं वित्तविहीन विद्यालयों को हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट वर्ष 2018 की परीक्षा के लिए विद्यार्थियों के ऑनलाइन आवेदन के संबंध में निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को निर्देश दिया है कि संस्थागत एवं व्यक्तिगत परीक्षार्थियों के पंजीकरण शुल्क 20 अगस्त तक जमा कराएं। इसके बाद 15 सितंबर तक सौ रुपये विलंब शुल्क के साथ पंजीकरण किया जाएगा।
डीआईओएस आरएस विश्वकर्मा के मुताबिक विलंब शुल्क के साथ जमा परीक्षा शुल्क की सूचना एवं विद्यार्थियों का शैक्षिक विवरण वेबसाइट पर 20 सितंबर को अपलोड होगा। 21 से 30 सितंबर के बीच वेबसाइट पर ऑनलाइन अपलोड किए गए विद्यार्थियों के विवरणों की चेकलिस्ट प्राप्त कर संस्था के प्रधान को उनके विवरण (नाम, माता/पिता का नाम, जन्मतिथि, विषय, फोटो आदि) की भली-भांति जांच करनी होगी। एक से 10 अक्तूबर के बीच ऑनलाइन अपलोड किए विद्यार्थियों के विवरण की जांच के बाद अगर किसी प्रकार के संशोधन की जरूरत पड़ती है तो संस्था के प्रधान उसे संशोधित या अपडेट कर सकेंगे।