संघ के हर एक स्वयंसेवक के जिम्मे 20-20 परिवार
0 भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने में जुट गए संघ के स्वयंसेवक
प्रयागराज। लोकसभा चुनाव में फूलपुर संसदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी केशरी देवी और इलाहाबाद संसदीय सीट से डा. रीता बहुगुणा जोशी के पक्ष में माहौल बनाने की कमान अब संघ ने भी संभाल ली है। पिछले लोकसभा चुनाव जैसी जीत दोहराने के लिए संघ ने तय किया कि उसके स्वयंसेवक मतदान के लिए वोटरों को प्रेरित करेंगे। इसके लिए हर एक स्वयंसेवकों को कम से कम 20 परिवारों को मतदान के लिए प्रेरित करना होगा।
पिछले वर्ष हुए फूलपुर लोकसभा के उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी को हार मिली थी। उपचुनाव के कड़वे अनुभव को देखते हुए संघ का प्रयास है कि ज्यादा से ज्यादा वोटर मतदान के लिए 12 मई को पोलिंग स्टेशनों पर पहुंचे। शहर उत्तरी विधानसभा में कम मत प्रतिशत को देखते हुए संघ ने स्वयंसेवकों से कहा कि शहर उत्तरी के तमाम मोहल्लों पर ज्यादा ध्यान केंद्रित किया जाए। इसके अलावा उपचुनाव में जिन बूथों पर भाजपा को वर्ष 2014 के चुनाव के मुकाबले कम वोट मिले उस पर भी मत प्रतिशत बढ़ाने पर संघ के वरिष्ठ स्वयंसेवकों ने भाजपाइयों के साथ बैठक शुरू कर दी है। संघ ने भाजपा नेताओं से फूलपुर और इलाहाबाद संसदीय सीट के सभी बूथों की रिपोर्ट तलब की है। चर्चा इस बात की भी है कि संघ के स्वयंसेवक बूथ प्रबंधन को मजबूत करने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं की मदद में भी जुट गए हैं।