कोच का क्रम गलत होने पर जंक्शन पर भड़के एनई के यात्री
0 घंटे भर तक जंक्शन पर ही खड़ी रही नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस
इलाहाबाद। आनंद विहार टर्मिनल (दिल्ली) से गुवाहाटी जा रही नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस के यात्रियों ने शनिवार को जंक्शन पर हंगामा किया। जंक्शन पर रात आठ बजे ट्रेन पहुंची तो उसके तमाम स्लीपर कोच के यात्री बाहर निकल आए। यात्रियों का कहना था कि स्लीपर कोच का क्रम ठीक से न होने की वजह से वह गलत कोच में चढ़ गए। दिल्ली में ही यह गड़बड़ी पकड़ ली गई थी, लेकिन कोच में लगी नंबर प्लेट नहीं बदली गई।
दरअसल एनई एक्सप्रेस में स्लीपर कोच में लगे उसके नंबर के बोर्ड क्रम से नहीं लगे थे। एस-5 कोच के बगल में एस-9 का बोर्ड लग गया था तो एस-8 कोच के बगल में एस-3 का बोर्ड। उलटे सीधे क्रम में लगे बोर्ड की वजह से तमाम यात्री गलत कोच में बैैठ गए। इसे लेकर पहले टूंडला और उसके बाद कानपुर में यात्रियों ने खूब शोर शराबा किया। ट्रेन के जंक्शन पहुंचने पर भी इलाहाबाद के यात्री जब एस-6 कोच में पहुंचे तो मालूम पड़ा कि वह गलत कोच में आ गए हैं। जबकि कोच के बाद लगे बोर्ड में एस-6 ही लिखा था। इसे लेकर यात्रियों ने खूब शोर शराबा किया। जानकारी सीनियर डीसीएम और डीसीएम को मिली तो वे मौके पर पहुंचे। इसके बाद सभी कोच में लगे बोर्ड को क्रम से लगवाया गया। गलत बर्थ पर बैठे यात्रियों को भी उनकी सही बर्थ तक पहुंचाया गया। इस आपाधापी में ट्रेन घंटे भर जंक्शन पर खड़ी रही, जो रात नौ बजे यहां से रवाना हो सकी। इलाहाबाद मंडल के पीआरओ सुनील गुप्ता के मुताबिक जंक्शन पर सभी कोच में लगे बोर्ड को क्रम से लगा दिया गया।