पहाड़ों पर बर्फ, संगमनगरी में बादल
0 अचानक बदला मौसम, बारिश होने के आसार
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
सात दिन से तापमान में हर दिन उतार चढ़ाव का रविवार को असर दिखा। अचानक मौसम बदला और बादलों में सूरज ढक गया। पहाड़ों पर हुई बर्फबारी से भटककर आए बादलों ने संगमनगरी में डेरा जमा लिया। मौसम विज्ञानियों का अनुमान है कि अगले दो से तीन दिन में गरज चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इस कारण होली पर ठंड बढ़ सकती है। हां, अगर धूप निकली तो वह चटख रहेगी।
हिमाचल, उत्तराखंड में पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर यहां भी दिखा। रविवार को सुबह तेज धूप नहीं बादलों का डेरा रहा। 12 बजे के बाद धूप खिली, लेकिन अपेक्षाकृत कमजोर रही। शाम को फिर बादलों का डेरा बना रहा। नमी के कारण पुरवा हवाएं कुछ सर्द रहीं। आसपास के जिलों में भी इसका प्रभाव दिखा। कहीं बूंदाबांदी हुई तो कहीं किसानों ने ओले गिरने की बात बताई।
मौसम विज्ञानी प्रोफेसर एचएच मिश्रा के मुताबिक सप्ताह भर से मौसम के तेवर बदले हैं। तापमान में उठापटक हो रही है। औसतन पारा चढ़ रहा है,, लेकिन आर्द्रता का स्तर पुरवइया को जोर बढ़ा रहा है। ऐसे में संभावना है कि भटककर आए बादल गरज चमक के साथ बौछारों का कारण बन सकते हैं। ऐसा हुआ तो होली के आसपास एक से दो दिन तक ठंड बढ़ सकती है।