योग में डिप्लोमा कराएगा मुक्त विवि
0 एमएचआरडी के ‘स्वयम प्लेटफॉर्म’ से जुड़ा विश्वविद्यालय
0 कई नए पाठ्यक्रमों को विद्याशाखाओं में लागू करने की तैयारी
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
राष्ट्रीय स्तर पर योग की बढ़ती डिमांड के मद्देनजर उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय ने सत्र 2017-18 से योग में डिप्लोमा एवं स्नातकोत्तर डिप्लोमा कार्यक्रम शुरू करने का निर्णय लिया है। यूजीसी के निर्देश पर स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर पर योग कार्यक्रम चलाने के लिए विश्वविद्यालय ने संपूर्ण पाठ्यक्रम च्वाइस बेस्ट क्रेडिट सिस्टम (सीबीसीएस) के आधार पर तैयार कर लिया है। इसके साथ ही विश्वविद्यालय ने केंद्रीय मानव विकास संसाधन मंत्रालय (एमएचआरडी) के स्वयम प्लेटफॉर्म पर भी अपनी उपस्थिति दर्ज करा दी है।
मुक्त विश्वविद्यालय ने एमएचआरडी की ओर से संचालित स्वयम प्लेटफॉर्म पर अपलोड पाठ्यक्रमों में छात्रों के लिए उपयोगी सामगी अपनी विभिन्न विद्याशाखाओं में भी लागू करने का निर्णय लिया है। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एमपी दुबे ने बताया कि डिजिटलाइजेशन के माध्यम से विश्वविद्यालय की नौ विद्याशाखाओं की ओर से वर्तमान में संचालित 110 कार्यक्रमों के पाठ्यक्रम ऑनलाइन कर दिए गए हैं। इनमें तकरीबन 39 रोजगारपरक और 21 कौशल विकास कार्यक्रम शामिल किए गए हैं। इनमें प्रवेश की प्रक्रिया भी ऑनलाइन है। जुलाई सत्र 2017-18 में तकरीबन 60 हजार शिक्षार्थियों का प्रवेश अपेक्षित है। इसके साथ ही सभी विद्याशाखाओं में डीडी फ्री डिश स्वयम प्रभा डीटीएच चैनल लगाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। वहीं, स्वयम कोर्सेज को विश्वविद्यालय अपने अधिकारिक व्हाट्सएप, फेसबुक, ट्विटर, यूट्यूब, मोबाइल एप पर भी उपलब्ध कराएगा।