चयन बोर्ड की एक और सदस्य ने दिया इस्तीफा
इलाहाबाद। माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड के अध्यक्ष हीरा लाल गुप्ता के बाद अब सदस्यों के भी इस्तीफा देने का सिलसिला शुरू हो गया है। मनोज कुमार यादव के बाद सोमवार को महिला सदस्य रमेश शर्मा ने भी इस्तीफा दे दिया। माना जा रहा है कि अगले एक-दो दिन में शेष सदस्य भी सरकार को इस्तीफा सौंप देंगे। अध्यक्ष के पद छोड़ने के बाद से ही सदस्यों के इस्तीफे की चर्चा गरम हो गई थी। माना जा रहा है कि शासन स्तर से भी सदस्यों पर इस्तीफे का दबाव बनाया जा रहा था।
प्रतियोगियों ने चयन बोर्ड से निकाला कैंडल मार्च
इलाहाबाद। माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड में ठप भर्ती प्रक्रिया के विरोध में प्रतियोगी छात्रों ने सोमवार को कैंडल मार्च निकाला। इसमें बड़ी संख्या में प्रतियोगी छात्र शामिल हुए। कैंडल मार्च में बीएड उत्थान जन मोर्चा एवं युवा अधिकार मंच के नेतृत्व में भी बड़ी संख्या में प्रतियोगियों ने हिस्सा लिया। बोर्ड के गठन तथा लंबित परीक्षाएं तत्काल कराने की मांग की गई, जबकि जीआईसी में शिक्षकों के पद प्रतिनियुक्त से भरने का विरोध किया गया। कहा गया कि आंदोलन के आगे की रणनीति बहुत जल्द घोषित की जाएगी और आंदोलन प्रदेशव्यापी होगा। इसमें अनिल सिंह, शेर सिंह, उमाशंकर सिंह, अशोक महादेव, सिकंदर यादव, पंकज गुप्ता, अनिल पाल, सुनील पांडेय, पवन कुमार आदि शामिल थे।