कुंडा/प्रतापगढ़। मानिकपुर थाना क्षेत्र के मुंदीपुर चौराहे के करीब मंगलवार सुबह इलाहाबाद-लखनऊ हाईवे पर भीषण सड़क हादसे में लखनऊ के सात श्रद्धालुओं की मौत हो गई। उनकी कार में सामने से आ रहे बेकाबू ट्रक ने टक्कर मार दी। मरने वालों में पांच लोग एक ही परिवार के हैं। सभी सावन माह के पहले सोमवार को काशी में जलाभिषेक करने के बाद संगम स्नान कर घर लौट रहे थे। तभी हादसा हो गया। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के परखचे उड़ गए। मौके पर पहुंची पुलिस ट्रक व कार को कब्जे में लेकर थाने ले आई। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
लखनऊ के ठाकुरगंज मल्लाही टोला निवासी सुमित मिश्र (24) पुत्र शैलेंद्र कुमार मिश्र ने रविवार को सावन के पहले सोमवार के दिन वाराणसी स्थित बाबा विश्वनाथ मंदिर में जलाभिषेक करने की योजना बनाई। इसके लिए उन्होंने अपने दोस्त सुजीत पांडेय से बात की। सुजीत ने अपने साले की कार मांग ली। रविवार को सुमित सात लोगों के साथ वैगनआर कार से वाराणसी के लिए निकले। सोमवार को काशी विश्वनाथ मंदिर में जलाभिषेक करने के बाद सभी इलाहाबाद आए और संगम में स्नान किया। मंगलवार को भोर में कार से लखनऊ के लिए रवाना हुए। सुबह करीब पौने सात बजे
इलाहाबाद-लखनऊ राजमार्ग पर मानिकपुर थाना क्षेत्र के मुंदीपुर चौराहे के करीब सामने से आ रहे अनियंत्रित ट्रक ने कार में टक्कर मार दी। जिससे कार के परखचे उड़ गए। हादसे में कार सवार सुमित मिश्र, उनकी पत्नी पूजा उर्फ निशा (22), मां सरोज मिश्र (54), एक वर्ष का बेटा कृष्णा, सास मोहनी अवस्थी (52) निवासी दौलतगंज थाना ठाकुरगंज व पड़ोसन फूलकली उर्फ रामप्यारी (58) पत्नी रामस्नेही यादव के साथ कार चला रहे सुमित के दोस्त सुजीत पांडेय (24) पुत्र दयाशंकर पांडेय निवासी मल्लाही टोला ठाकुरगंज की मौत हो गई। आसपास के ग्रामीणों को आते देख चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला। सूचना पर आनन-फानन में पुलिस पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में मृतक सुमित मिश्र के पिता शैलेंद्र की तहरीर पर मानिकपुर पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।