आज से पांच दिन मेरठ की राह होगी मुश्किल
नौ से 13 जुलाई तक निरस्त रहेगी नौचंदी एक्सप्रेस
संगम एक्सप्रेस भी नहीं जाएगी मेरठ, अलीगढ़ तक ही होगा सफर
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
मेरठ जाने वाले यात्रियों की राह रविवार से मुश्किल होने जा रही है। दरअसल रेलवे द्वारा मेरठ-दौराला स्टेशन के बीच नॉन इंटरलॉकिंग का काम करवाया जा रहा है। इस वजह से मेरठ जाने वाली तमाम ट्रेनें निरस्त की गई हैं। इन निरस्त ट्रेनों में इलाहाबाद से मेरठ/सहारनपुर जाने वाली नौचंदी एक्सप्रेस प्रमुख रूप से शामिल है। इसके अलावा संगम एक्सप्रेस भी अगले पांच दिन मेरठ की बजाय सिर्फ अलीगढ़ तक ही जाएगी।
पूर्व में नौचंदी एक्सप्रेस तीन जुलाई से 13 जुलाई तक निरस्त की गई थी, लेकिन बाद में पांच से आठ जुलाई तक इसे बहाल कर दिया गया था। अब यह ट्रेन नौ जुलाई से 13 जुलाई तक एक बार फिर से निरस्त की जा रही है। ऐेसे में जिन यात्रियों का नौचंदी एक्सप्रेस में इस अवधि में रिजर्वेशन है, उन्हें अपने टिकट निरस्त कराने होंगे। हालांकि काफी संख्या में यात्रियों ने अपने टिकट निरस्त भी करा लिए हैं। इसी तरह मेरठ जाने वाली संगम एक्सप्रेस का भी रेलवे ने आंशिक निरस्तीकरण किया है। पूर्व में संगम एक्सप्रेस नौ से 13 जुलाई तक पूर्ण रूप से निरस्त करने का एलान रेलवे ने किया था, लेकिन बाद में इसे अलीगढ़ से मेरठ सिटी के बीच ही निरस्त करने की बात कही गई। फिलहाल संगम एक्सप्रेस रविवार नौ जुलाई से 13 जुलाई तक इलाहाबाद से अलीगढ़ तक ही जाएगी।