एक साथ 16 ट्रेनें निरस्त होने से परेशान हुए यात्री
कालका, नार्थ ईस्ट, नंदन कानन निरस्त होने से आई ज्यादा समस्या
फतेहपुर, कानपुर, इटावा की ओर जाने वाले यात्रियों को हुई दिक्कत
प्रयागराज। इलाहाबाद से कानपुर, दिल्ली की ओर जाने एवं वहां से आने वाली 16 ट्रेनें निरस्त होने से यात्रियों को खासी दिक्कत हुई। सबसे ज्यादा दिक्कत फतेहपुर, कानपुर आदि शहरों की ओर जाने वाले यात्रियों को हुई। क्योंकि रेलवे ने जो ट्रेनें निरस्त की थीं, उसमें से अधिकांश ट्रेनें ऐसी रहीं, जिनका इलाहाबाद जंक्शन से दिन का सफर है।
रेलवे की ओर से पिछले दिनों ही 20 अक्तूबर को निरस्त होने वाली ट्रेनों के बारे में जानकारी उपलब्ध कराई गई थी। वजह बताई गई कि टूंडला में रविवार को नॉन इंटरलॉकिंग का कार्य होना है। हालांकि इंटरलॉकिंग का कार्य पिछले माह से ही हो रहा है लेकिन, रविवार को बड़ा कार्य होने की वजह से एक साथ अप और डाउन रूट की 16 ट्रेनें निरस्त कर दी गईं। रविवार को जो ट्रेनें दोनों ओर से जंक्शन नहीं आई उसमें जयनगर-नई दिल्ली स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस, पुरी-आनंद विहार नंदन कानन एक्सप्रेस, नई दिल्ली-गुवाहाटी पुर्वोत्तर संपर्क क्रंाति एक्सप्रेस, कामख्या-गांधीधाम एक्सप्रेस, आनंद विहार-पुरी नीलांचल एक्सप्रेस, आनंद विहार-कामाख्या नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस, हावड़ा-दिल्ली कालका मेल, गया-नई दिल्ली महाबोधि एक्सप्रेस शामिल रही। सुबह कालका मेल, नंदन कानन एक्सप्रेस, नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस से काफी दैनिक यात्री कानपुर आदि शहरों के लिए जाते हैं। हालांकि जिन यात्रियों का संबंधित ट्रेनों में रिजर्वेशन था उन्हें रेलवे की ओर से रिफंड दिया गया। बहुत से यात्रियों ने अपने काउंटर टिकट रविवार को ही निरस्त करवाएं।