मीरगंज। गरीबों के बजाय अमीरों के राशन कार्ड बनाने के मामले में जांच के तमाम दावों के बावजूद कोई राहत नहीं मिली तो सैकड़ों लोगों की भीड़ ने सोमवार को तहसील में ही धावा बोल दिया। भारतीय किसान यूनियन (भानु) के कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचे इन लोगों ने तहसील में तीन घंटे धरना दिया। हालांकि इस दौरान एसडीएम उनके सवालों का जवाब देने नहीं पहुंचे। इसी बीच एक किसान गश खाकर गिरा तो लोग बुरी तरह भड़क गए। उन्होंने तहसील प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जमकर हंगामा किया। इसके बाद एसडीएम के स्टेनो ने ज्ञापन लिया। लोगों ने चेतावनी दी कि अगर इस मामले में निष्पक्ष जांच न हुई तो वे दोबारा तहसील में हल्ला बोलेंगे।
भारतीय किसान यूनियन भानु के जिलाध्यक्ष अरविंद सिंह कठेरिया ने शाही में राशन कार्ड बनाने में बड़े पैमाने पर हुई धांधली और राशन कार्ड मांगते-मांगते जन्नतनशीन हुए लतीफ मियां के बैंक एकाउंट के बारे में झूठी रिपोर्ट देने वाले लेखपाल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि लतीफ मियां की तरह सैकड़ों लोग तहसील के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उनकी कोई सुनने वाला नहीं है। धरने के दौरान ही किसान करन सिंह गर्मी से बेहोश होकर गिर गए। सरकारी अस्पताल से डॉक्टर बुलवाकर उनका इलाज कराया गया लेकिन ग्रामीणों के बार-बार मांग करने के बावजूद एसडीएम रोहित यादव मौके पर नहीं पहुंचे। इस पर लोग भड़क गए और तहसील प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी और हंगामा शुरू कर दिया। हंगामा बढ़ा तो एसडीएम के स्टेनो पहुंचे। लोगों को एसडीएम के बाहर होने की बात कहकर मनाया और ज्ञापन लिया। एसडीएम का पक्ष जानने के लिए कई बार फोन किया गया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई।