बुलाए गए प्रत्याशी, मांगा गया हिसाब
0 मतदान के एक महीने बाद भी लोकसभा चुनाव के किसी उम्मीदवार ने दिया खर्च का ब्योरा
0 22 जून है आखिरी तारीख, बैठक में प्रारूप और प्रक्रिया के बारे में दी गई जानकारी
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। लोकसभा चुनाव में धन बल का खूब प्रभाव दिखा लेकिन प्रत्याशी प्रचार में हुए खर्च का हिसाब देने के लिए तैयार नहीं हैं। अभी तक किसी भी उम्मीदवार ने ब्योरा उपलब्ध नहीं कराया है। ऐसे में सोमवार को कलेक्ट्रेट में बैठक बुलाई गई, जिसमें प्रत्याशियों तथा उनके प्रतिनिधियों को खर्च का हिसाब देने का प्रशिक्षण दिया गया।
यहां की दोनों सीट इलाहाबाद और फूलपुर के लिए 12 मई को मतदान हुआ था। हालांकि, मतगणना 23 मई को हुई थी। इसके बाद एक महीने के भीतर सभी उम्मीदवारों को चुनाव के दौरान हुए कुल खर्च का हिसाब देना है। इस लिहाज से इसके लिए आखिरी तारीख 22 जून है लेकिन अभी तक किसी भी प्रत्याशी ने ब्योरा उपलब्ध नहीं कराया है। हालांकि, सोमवार को बैठक में सभी प्रतिनिधि पहुंचे थे। मुख्य कोषाधिकारी राकेश सिंह ने बताया कि सभी को खर्च का हिसाब देने के प्रारूप के बारे में बताया गया। उनसे 22 जून से पहले ब्योरा देने के लिए कहा गया है।