मिक्सर मशीन के नीचे दबकर मजदूर की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
कुंडा। मिक्सर मशीन पर काम करने वाले मजदूर की मशीन के टायर के नीचे आ जाने से दबने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। उधर सूचना पर पहुंचे परिजन शव देख बिलख पड़े।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के रायपुर समसपुर गांव निवासी राम आसरे (50) पुत्र राम औतार मिक्सर मशीन पर रहकर काम करता था। रविवार की दोपहर में मिक्सर मशीन मानिकपुर में काम के लिए ले जाई जा रही थी। मानिकपुर के अमिलहा गांव के पास वह मशीन से सरककर नीचे गिर गया। इससे मिक्सर मशीन उस पर चढ़ गई। जब तक जानकारी पर मशनी रोकी गई वह गंभीर रूप से कुचल गया था। उसके साथी उसे अस्पताल ले जाने का प्रयास कर रहे थे लेकिन उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया। इसके साथ ही मिक्सर मशीन सहित ट्रैक्टर भी कब्जे में ले लिया गया है। सूचना पर पहुंचे परिजन शव देख बिलख पड़े। अभी हाल ही में उसकी बेटी आशा की शादी हुई थी। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बाइक की टक्कर से वृद्ध की मौत
बाबागंज(ब्यूरो)। बाइक की टक्कर से वृद्ध की मौत हो गई। इससे परिजनों में कोहराम मच गया। महेशगंज थाना क्षेत्र के खेमकरनपुर निवासी अंगनूराम सरोज (60) पुत्र स्व. कन्हई सरोज शनिवार की देर शाम शुकुलपुर चौराहे पर शेविंग कराने गए थे। रात करीब 9 बजे पैदल लौट रहे थे। गांव के पहले ही प्राथमिक विद्यालय के पास तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे परिजन अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर महेशगंज पुलिस मौके पहुंची और शव अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के बेटे भैयाराम ने अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ महेशगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।