यूपीपीएससी में कार्यवाहक परीक्षा नियंत्रक नियुक्त
0 स्थायी नियुक्ति तक संयुक्त सचिव बृजेंद्र द्विवेदी को अतिरिक्त प्रभार
0 सोमवार को आयोग की बैठक संभावित, हो सकते हैं कुछ अहम निर्णय
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) में नए परीक्षा नियंत्रक की नियुक्ति होने तक संयुक्त सचिव बृजेंद्र द्विवेदी को परीक्षा नियंत्रक का अतिरिक्त प्रभार सौंप दिया गया है। कार्यवाहक परीक्षा नियंत्रक की मौजूदगी में सोमवार को आयोग की बैठक संभावित है, जिसमें परीक्षाओं को लेकर कुछ महत्वपूर्ण निर्णय हो सकते हैं।
एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती परीक्षा के पेपर लीक मामले में परीक्षा नियंत्रक रहीं अंजू कटियार की गिरफ्तारी और निलंबन के बाद आयोग में परीक्षा संबंधी कई महत्वपूर्ण कार्य ठप हो गए हैं। परीक्षा नियंत्रक की गैर मौजूदगी के कारण आयोग कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर निर्णय नहीं ले पा रहा था। एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती समेत तमाम पुरानी भर्ती परीक्षाओं के परिणाम भी फंस गए हैं। ऐसे में आयोग ने संयुक्त सचिव बृजेंद्र द्विवेदी को परीक्षा नियंत्रक का अतिरिक्त प्रभार सौंप दिया है और उन्होंने कार्यभार भी संभाल लिया है। शासन स्तर से स्थायी नियुक्ति होने तक वह परीक्षा संबंधी सामान्य कामकाज देखते रहेंगे। हालांकि, शासन स्तर से इसी हफ्ते नए परीक्षा नियंत्रक की नियुक्त की जा सकती है। फिलहाल, कार्यवाहक परीक्षा नियंत्रक की नियुक्ति के बाद सोमवार को आयोग की बैठक हो सकती है और इसमें कुछ अहम फैसले भी किए जा सकते हैं।