फार्मासिस्ट को अस्पताल में घुसकर पीटा
- सरायअकिल के तिल्हापुर स्थित आयुर्वेदिक चिकित्सालय की घटना, केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। सरायअकिल इलाके के तिल्हापुर गांव स्थित आयुर्वेदिक अस्पताल में घुसकर बुधवार दोपहर एक दबंग ने फार्मासिस्ट की पिटाई की। बीच-बचाव करने पहुंचे स्टॉफ के लोगों को भी अपशब्द कहा। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
सरायअकिल कोतवाली क्षेत्र के बसुहार गांव का मातादीन तिल्हापुर आयुर्वेदिक अस्पताल में फार्मासिस्ट के पद पर तैनात है। उसने बताया कि बुधवार दोपहर तिल्हापुर का ही एक दबंग नशे में धुत होकर आया और दवा लेने के बाद अपशब्द कहने लगा। विरोध करने पर पिटाई शुरू कर दी। स्टॉफ के लोगों को भी गाली-गलौज देने लगा। चीख-पुकार पर जुटे ग्रामीणों ने दखल देकर किसी तरह मामला शांत कराया। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दिया। जांच के बाद गुरुवार को पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। मामले में सरायअकिल इंस्पेक्टर प्रदीप राय का कहना है कि मुल्जिम की तलाश कराई जा रही है। जल्द ही उसे पकड़कर जेल भेजा जाएगा।