अमोनिया गैस रिसाव मामले में छह इफको अधिकारी निलंबित
क्रासर
-इफको फूलपुर इकाई के पी-वन प्लांट में पांच दिन पहले हुई अमोनिया गैस रिसाव में नौ मजदूर हो गए थे घायल
- इफको निदेशक की अगुवाई में गठित जांच टीम ने की बड़ी कार्रवाई, मचा हड़कंप
अमर उजाला ब्यूरो
फूलपुर। इफको फूलपुर इकाई में हुए अमोनिया गैस रिसाव के मामले में गठित जांच टीम की रिपोर्ट पर अनुभाग प्रभारी समेत अमोनिया विभाग के छह अधिकारियों को दोषी मानते हुए निलंबित कर दिया गया है। शनिवार को इफको प्रशासन ने यह कदम उठाया। हादसे की विस्तृत जांच जारी रहेगी। हादसे के लिए जिम्मेदार पाए जाने पर कुछ अन्य कर्मचारियों के खिलाफ भी कार्रवाई हो सकती है।
बता दें कि इफको फूलपुर इकाई के पी-वन प्लांट में शटडाउन के दौरान 15 मई की शाम 4:30 बजे अमोनिया गैस का रिसाव हो गया था। इस हादसे में प्लांट में काम कर रहे नौ मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इनमें से सात मजदूरों को डाक्टरों ने इलाज के बाद छुट्टी दे दी है, जबकि लखनऊ स्थित सहारा अस्पताल में भर्ती दो मजदूरों का इलाज अभी चल रहा है। फिलहाल उनकी भी स्थिति अब सामान्य है। प्लांट में अमोनिया गैस रिसाव को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी के साथ ही इफको प्रबंधन ने भी मामले के जांच के आदेश दिए थे। प्रबंध निदेशक इफको के निर्देश पर मुख्यालय दिल्ली से फूलपुर प्लांट पहुंचे निदेशक (इफको) एके सिंह के नेतृत्व में गठित चार सदस्यीय जांच टीम ने अमोनिया रिसाव में नौ श्रमिकों के घायल होने की घटना की आंतरिक जांच की गई। अधिकारियाें की प्रारंभिक जांच के दौरान कार्य के लिए उत्तरदायी पी-वन प्लांट के अमोनिया विभाग के अनुभाग प्रभारी सहित छह अफसरों को लापरवाही बरतने में दोषी पाया गया। निलंबित किए जाने वाले अधिकारियों में मुख्य प्रबंधक (अमोनिया) प्रमोद कुमार, मुख्य प्रबंधक (अमोनिया) आरएम गर्ग, वरिष्ठ प्रबंधक (अमोनिया) डीके सिंह, सहायक प्रबंधक ज्ञानेश सिंह, सहायक प्रबंधक पीके गुप्ता के अलावा एक अन्य नाम शामिल हैं। जनसंपर्क अधिकारी विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि इफको प्रबंधन ने अमोनिया गैस रिसाव के मामले को बेहद गंभीरता से लिया है।