प्रयागराज। जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा सिंह के खिलाफ पारित अविश्वास प्रस्ताव को चुनौती देने वाली याचिका पर बुधवार को भी बहस जारी रहेगी। मंगलवार को इस मामले में रेखा सिंह के अधिवक्ताओं ने बहस की। मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति पीकेएस बघेल की अध्यक्षता वाली पीठ कर रही है।
याची की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता एमडी सिंह शेखर, स्वाती अग्रवाल आदि ने पक्ष रखा। कहा गया कि अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान के लिए जो मतपत्र छपवाया गया था, वह निर्धारित मानक के अनुरूप नहीं है। नियमानुसार जिसे प्रोफार्मा पर बैलेट पेपर छपना चाहिए, वह प्रोफार्मा इस अविश्वास प्रस्ताव में नहीं छपवाया गया था। इसके अलावा नियमानुसार बैलेट पेपर पर क्रास या सही का निशान बनाना था जबकि, कई सदस्यों ने पहले से तैयार की गई मोहर की इस्तेमाल किया। इससे मतदान की प्रक्रिया दूषित हुई है। सुनवाई बुधवार को भी जारी रहेगी।
पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा सिंह अविश्वास प्रस्ताव में दो मतों से हार गई थी। इसके बाद सरकार ने केसरी देवी पटेल की पंचायत अध्यक्ष पद पर नियुक्ति कर दी थी। हाईकोर्ट ने केसरी देवी की नियुक्ति रद्द कर दी है तथा प्रस्ताव को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई जारी है।