केबल कटने से असगरी मार्केट की बत्ती गुल, जनता का हंगामा
क्रासर
सड़क चौड़ीकरण के लिए जेसीबी से खोदाई के दौरान करेलाबाग में कटी केबल
अल्लापुर-ब्वायज हाईस्कूल के पास ट्रांसफारमर जलने से बिजली-पानी का संकट
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। करेलाबाग में सड़क चौड़ीकरण के दौरान केबल कटने से बृहस्पतिवार को असगरी मार्केट की बिजली गुल हो गई। घंटों बिजली न आने से परेशान नागरिकों ने उप केंद्र पर पहुंचकर जमकर शोर शराबा किया। देर शाम केबिल जोड़कर आपूर्ति बहाल की गई, तब जनता का गुस्सा ठंडा पड़ा। अल्लापुर और सेंट ब्वायज हाईस्कूल के पास ट्रांसफारमर जलने से बिजली-पानी का संकट उत्पन हो गया। हालांकि अल्लापुर में शाम तक आपूर्ति शुरू करा दी गई लेकिन दूसरे इलाके में देर रातक तक लोग परेशान रहे।
सड़क चौड़ीकरण के लिए जेसीबी से खोदाई के दौरान बृहस्पतिवार की दोपहर करेलाबाग में बिजली विभाग की अंडरग्राउंड केबल कट गई। इससे असगरी मार्केट समेत आसपास के इलाके की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। उमस से परेशान लोगों ने उप खंड के एसडीओ और एक्सईएन को कई बार फोन किया लेकिन जब फाल्ट दुरुस्त नहीं हुआ तब लोग उप केंद्र पर पहुंच गए। वहां हंगामा होने लगा। एक्सईएन घनेंद्र सिंह ने बताया कि एडीए की जेसीबी से केबल कटने से संकट खड़ा हुआ था। शाम को केबिल की मरम्मत कराकर आपूर्ति बहाल करा दी गई। इसी तरह शाम पांच बजे ब्वायज हाईस्कूल के पास 250 केवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर जल गया। इससे सेंट जोसेफ इलाके की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। एक्सईएन ओपी मिश्रा ने बताया कि वैकल्पिक उपाय किए जा रहे हैं। दूसरा ट्रांसफारमर लगाने की कोशिश शुरू कर दी गई है। हालांकि देर रात तक इस इलाके में आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी थी। इससे पहले सुबह पांच बजे अल्लापुर में ट्रांसफारमर जलने से बिजली के साथ ही पानी का भी संकट पैदा हो गया। इस इलाके में बिजली-पानी की आपूर्र्ति बाधित होने से नागरिकों के साथ ही प्रतियोगी छात्र-छात्राओं को भी जबरदस्त दिक्कतों का सामना करना पड़ा। 12 घंटे बाद शाम छह बजे दूसरा ट्रांसफारमर लगने के बाद आपूर्ति बहाल हो सकी।
इनसेट
बेली फीडर लाइन से दो घंटे आपूर्ति ठप
इलाहाबाद। पारेषण लाइन में कार्य के चलते बृहस्पतिवार को बेली फीडर से दो घंटे बिजली आपूर्ति ठप रही। कुंभ के तहत इस फीडर पर एक्सईएन के निर्देश पर सुबह 10 बजे शट टाउन लिया गया था। दोपहर 12 बजे के बाद आपूर्ति चालू कर दी गई।