इविवि में ऑनलाइन काउंसलिंग आज से
पहले दिन एलएलबी, बीएएलएलबी, एलएलएम में प्रवेश के लिए भरे जाएंगे फॉर्म
इविवि ने दो चरणों के लिए जारी किए कटऑफ अंक, ऑनलाइन जमा होगी फीस
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) में बुधवार, चार जुलाई से ऑनलाइन काउंसलिंग शुरू होने जा रही है। इविवि के इतिहास में पहली बार ऑनलाइन काउंसलिंग होगी। बुधवार से बीएएलएलबी, एलएलबी और एलएलएम में प्रवेश के लिए काउंसलिंग होगी जबकि बीए, बीकॉम और बीएससी बायो, बीएससी मैथ्स, बीएससी होम साइंस, बीएफए और बीपीए पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए काउंसलिंग पांच जुलाई से शुरू होगी। इविवि प्रशासन ने एलएलबी एवं बीएएलएलबी की शुरुआती दो चरणों की काउंसलिंग और एलएलएम के एक चरण की काउंसलिंग के लिए कटऑफ अंक जारी कर दिए हैं। कटऑफ मेरिट और काउंसलिंग का कार्यक्रम वेबसाइट ‘www.allduniv.ac.in’ और ‘www.auadmissions.org’ पर उपलब्ध है।
ऐसे पूरी होगी आवेदन की प्रक्रिया
- ऑनलाइन काउंसलिंग के दौरान मेरिट में शामिल अभ्यर्थियों को संबंधित वेबसाइट पर रोल नंबर, जन्मतिथि, मां का नाम और आधार कार्ड नंबर (अगर उपलब्ध है) के बारे में जानकारी दर्ज करनी होगी। इसके बाद अभ्यर्थी को रोल नंबर और जन्म तिथि के आधार पर लॉगइन के लिए अनुमति प्रदान की जाएगी और अभ्यर्थी से संबंधित सूचना कंप्यूटर स्क्रीन पर होंगी। स्नातक में प्रवेश के लिए ऑनलाइन काउंसलिंग के दौरान अभ्यर्थी को छह कॉम्बिनेशन चुनने का मौका मिलेगा। अभ्यर्थी को दसवीं एवं बारहवीं के प्राप्तांक एवं प्रतिशत की जानकारी भी दर्ज करनी होगी। एलएलबी में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी को स्नातक के प्राप्तांक एवं प्रतिशत और एलएलएम में प्रवेश के लिए विधि स्नातक के प्रप्तांक एवं प्रतिशत के बारे में जानकारी दर्ज करनी होगी। विषयों के कॉम्बिनेशन चुनने के बाद अभ्यर्थी ऑनलाइन फॉर्म भरेंगे और उसका प्रिंट आउट अपने पास रख लेंगे। काउंसलिंग का चरण पूरा होते ही ऑनलाइन रैंक निर्धारित होगी और अभ्यर्थी की श्रेणी एवं रैंक के आधार पर कॉम्बिनेशन आवंटित कर दिया जाएगा। अगर पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए कॉम्बिनेशन चुनने की सुविधा नहीं है तो सिस्टम अभ्यर्थी की श्रेणी के आधार पर रैंक निर्धारित करेगा।
आवेदन फॉर्म में मिलेगा संशोधन का मौका
- अगर कोई अभ्यर्थी ऑनलाइन काउंसलिंग के दौरान आवेदन फॉर्म भरने में गलती कर देता है तो उसे आवेदन में ऑनलाइन संशोधन का मौका मिलेगा। ऑनलाइन संशोधन संबंधित चरण की काउंसलिंग पूरी होने तक ही किया जा सकेगा। काउंसलिंग समाप्त होने के बाद संशोधन का मौका नहीं मिलेगा।
अभिलेखों का कराना होगा सत्यापन
- ऑनलाइन आवेदन फार्म भरने के बाद सिस्टम में सूचना पत्र प्रदर्शित होगा। अभ्यर्थियों को अभिलेखों के सत्यापन के दौरान सूचना पत्र का प्रिंट साथ ले जाना होगा। सफलतापूर्वक सत्यापन के बाद सिस्टम पर अभ्यर्थियों के लॉग इन में ‘फी डिपॉजिट बटन’ प्रदर्शित होगा। अभ्यर्थी को इसे क्लिक करते हुए ऑनलाइन शुल्क जमा करना होगा और फीस रसीद का प्रिंट आउट साथ ले जाना होगा। अभिलेखों के सत्यापन वाले दिन ही फीस रसीद के आधार पर प्रवेश पत्र उपलब्ध करा दिए जाएंगे। अभ्यर्थियों को अपने साथ कौन से अभिलेख ले जाने हैं, यह जानकारी वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है।
000
ऑनलाइन काउंसलिंग का कार्यक्रम और कटऑफ अंक
बीएएलएलबी
- प्रथम चरण में सभी श्रेणी में 174 या अधिक अंक पाने वाले और एसटी वर्ग में सभी अभ्यर्थी। ऑनलाइन काउंसलिंग चार एवं पांच जुलाई को सुबह 9.30 बजे और अभिलेखों का सत्यापन छह जुलाई को सुबह 9.30 बजे से।
- द्वितीय चरण में ओबीसी वर्ग में 150.58 या अधिक, एससी वर्ग में 124.58 या अधिक अंक पाने वाले अभ्यर्थी और एसटी वर्ग में सभी अभ्यर्थी। काउंसलिंग छह जुलाई को दोपहर दो बजे, सात एवं आठ जुलाई को सुबह 9.30 बजे और अभिलेखों का सत्यापन नौ जुलाई को सुबह 9.30 बजे से।
एलएलबी
- प्रथम चरण में सभी श्रेणी में 144 या अधिक एवं एसटी वर्ग में 79 या अधिक अंक पाने वाले अभ्यर्थी। काउंसलिंग चार एवं पांच जुलाई को सुबह 9.30 बजे और अभिलेखों का सत्यापन छह जुलाई को सुबह 9.30 बजे से।
- द्वितीय चरण में ओबीसी वर्ग में 133 या अधिक, एससी वर्ग में 122 या अधिक और एसटी वर्ग में सभी अभ्यर्थी। काउंसलिंग सात एवं आठ जुलाई को सुबह 9.30 बजे और अभिलेखों का सत्यापन नौ जुलाई को सुबह 9.30 बजे से।
एलएलएम
- प्रथम चरण में सभी श्रेणी में 185.25 या अधिक अंक और एसटी वर्ग में 95 या अधिक अंक पाने वाले अभ्यर्थी। काउंसलिंग चार एवं पांच जुलाई को सुबह 9.30 बजे और अभिलेखों का सत्यापन छह जुलाई को सुबह 9.30 बजे से।