स्कूली छात्रों को अंग्रेजी में अव्वल बनाएंगे शोधार्थी
0 सीबीएसई-सीआईएससीई के विद्यार्थियों को मुफ्त में देंगे कोचिंग
0 कोचिंग शुरू करने से पहले हुआ विद्यार्थियों का एप्टीट्यूड टेस्ट
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
स्कूली छात्रों को अंग्रेजी में अव्वल बनाने के लिए शोधार्थियों ने बीड़ा उठाया है। गर्मी की छुट्टी के दौरान ये शोधार्थी सीबीएसई और सीआईएससीई के दसवीं एवं बारहवीं के छात्र-छात्राओं को अंग्रेजी में साहित्य और भाषा की मुफ्त कोचिंग देंगे। शोधार्थी चाहते हैं कि विज्ञान के दौर में अंग्रेजी को भी उचित जगह मिले, प्रतियोगी परीक्षाओं एवं ग्रुप डिसकशन में इलाहाबाद के छात्र-छात्राएं पीछे न रहें और उन्हें सफलता मिले। ऐसे छात्रों के चयन से पूर्व रविवार को उनका एप्टीट्यूड टेस्ट भी लिया गया।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) में अंग्रेजी के शोध छात्र मृत्युंजय राव परमार, एमए अंग्रेजी के छात्र सलिल पाठक, आशुतोष गांगुली और जामिया मिलिया विश्वविद्यालय की शोधा छात्रा आइजा उस्मानी ने साथ मिलकर यह पहल की है। आइजा इविवि से एमए कर चुकी हैं। शोधार्थियों ने बताया कि कोचिंग की शुरुआत 14 मई से होगी। उनके साथी और इफला स्टडी सेंटर के डायरेक्टर वैभव ने कोचिंग के संचालन के लिए नि:शुल्क जगह उपलब्ध कराई है। कोचिंग भी नि:शुल्क चलाई जाएगी। विद्यार्थियों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। अब तक 46 छात्रों का चयन किया गया है। रविवार को उनका एप्टीट्यूड टेस्ट लिया गया। सोमवार सुबह आठ बजे से महाराणा प्रताप चौराहे के पास स्थित संस्थान में कोचिंग की शुरुआत की जाएगी।
अभी बैच निर्धारित नहीं किए गए हैं। सीबीएसई और सीआईएससीई के दसवीं एवं बारहवीं के अन्य विद्यार्थियों के भी आवेदन आने की उम्मीद है। संख्या बढ़ने पर बैच निर्धारित किए जाएंगे। शोधार्थी मृत्युंजय राव परमार और आइजा उस्मानी का कहना है कि सीबीएसई और सीआईएससीई बोर्ड में अभ्यर्थियों के लिए अंग्रेजी में उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। परीक्षाओं में मिलने वाले अंक आगे भी विद्यार्थियों के काम आते हैं। यही वजह है कि उन्होंने दसवीं एवं बारहवीं के विद्यार्थियों को गर्मी की छुट्टी में अंग्रेजी की नि:शुल्क कोचिंग देने का निर्णय लिया है।