अर्द्ध कुंभ में उज्जैन फार्मूला अपनाएगा रेलवे
0 उज्जैन में लगे कुंभ की व्यवस्था लेने गए थे एनईआर और एनसीआर के अफसर
0 एनईआर के मुख्य सुरक्षा आयुक्त ने कहा कि सिंहस्थ कुंभ उज्जैन में थी बेहतर व्यवस्था
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। वर्ष 2019 में लगने वाले अर्द्ध कुंभ मेले के मद्देनजर रेलवे उज्जैन का फार्मूला अपनाएगा। उज्जैन कुंभ के दौरान वहां रेलवे स्टेशन पर की गई सुरक्षा व्यवस्था इलाहाबाद में भी अपनाई जाएगी। दरअसल रेलवे ने पिछले वर्ष मध्यप्रदेश के उज्जैन में लगे सिंहस्थ कुंभ के वहां संबंधित जोनल रेलवे द्वारा किए गए इंतजाम का ब्यौरा लेने के लिए अफसरों की टीम भेजी थी। अब ये अफसर वहां मिले अनुभव के आधार पर इलाहाबाद में लगने वाले कुंभ की तैयारियों को अंतिम रूप देंगे।
वर्ष 2013 में लगे कुंभ मेले के दौरान इलाहाबाद जंक्शन पर भगदड़ मच जाने से कई लोगों की जान चली गई थी। इसे देखते हुए रेलवे ने पिछले वर्ष उज्जैन में लगे सिंहस्थ कुंभ के दौरान यात्री सुविधा के मद्देनजर कई काम किए थे। इस दौरान वहां स्टेशन परिसर के चप्पे-चप्पे पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए। सीसीटीवी फुटेज देखने के लिए कंट्रोल रूम पर छोटे मॉनीटर की बजाय बड़ी स्क्रीन लगाई गई। साथ ही यात्रियों के स्टेशन पर आगमन प्रस्थान के लिए अलग-अलग रास्ते बनाए गए। इन तैयारियों का जायजा लेने के लिए एनईआर, एनसीआर और एनआर के अफसर उज्जैन पहुंचे। इस टीम में एनईआर के मुख्य सुरक्षा आयुक्त (सीएससी) राजाराम भी रहे। उन्होंने बताया कि उज्जैन कुंभ के दौरान रेलवे द्वारा बेहतर तैयारी की गई थी। सीएससी के मुताबिक वर्ष 2019 में लगने वाले अर्द्ध कुंभ मेले के दौरान उज्जैन कुंभ वाली तैयारी इलाहाबाद में भी की जाएगी। उन्होंने बताया कि स्टेशन को सीसीटीवी सै लैस किया जाएगा। परिसर में इलेक्ट्रानिक डिस्प्ले बोर्ड लगाने के साथ एनाउंसमेंट सिस्टम भी लगाया जाएगा। इसके अलावा सीसीटीवी फुटेज के लिए बड़ी स्क्रीन भी लगाई जाएगी। साथ ही यात्रियों के मार्गदर्शन के लिए स्टेशन परिसर में काफी संख्या में आरपीएफ के जवान तैनात रहेंगे।