15 installations sealed including pathology-ice factory
प्रयागराज। बिजली बिलों के बकाये की वसूली को लेकर शुक्रवार को धरतेरस पर बड़ी कार्रवाई की गई। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में अभियान चलाकर टैगोर टाउन व रामबाग समेत कई इलाकों में सात प्रतिष्ठानों को सील कर दिया गया। तहसीलदार के साथ पहुंचे जेई-एसडीओ ने इन प्रतिष्ठानों पर ताला जड़ दिया। आरसी जारी होने के बाद भवनों और प्रतिष्ठानों को सील करने की यह पहली कार्रवाई है। इसके लेकर दिन भर अफरा तफरी मची रही।
सख्ती के बाद भी बिजली बिलों का बकाया अदा न करने वाले कनेक्शनधारकों पर दबाव बनाने के लिए अब प्रशासन की मदद से प्रतिष्ठानों और भवनों को सील करने की कार्रवाई शुरू हो गई है। शुक्रवार को टैगोरटाउन में आठ लाख रुपये के बकाये में आरसी जारी होने पर निर्मल डायग्नोस्टिक सेंटर, 1.50 लाख रुपये बकाये में बालसन चौराहे के चिकन हाउस दस्तार खां, 7.50 लाख रुपये के बकाये में अरुणा भार्गव व एक अन्य प्रतिष्ठान को सील कर दिया गया। एसडीओ विजय कुमार तिवारी ने बताया कि प्रशासन की मदद से विरोधों के बीच यह कार्रवाई की जा सकी।
इसी तरह रामबाग के गऊघाट इलाके में कूड़ाढाकू गली में 12 लाख रुपये के बकाये में आरसी जारी होने पर आइस फैक्ट्री सीज की गई। इसके अलावा एक सुलभ इंटरनेशनल,16 लाख रुपये के बकाये में एक छापाखाना व एक रेस्टोरेंट को भी सील किया गया।रामबाग उप खंड क्षेत्र में भी प्रतिष्ठानों को सील किया जाना था, लेकिन वहां कार्रवाई नहीं की जा सकी। नोडल अफसर बृजराज यादव ने बताया कि कुल 42 लाख रुपये के बकाये में आरसी जारी होने पर इस सात प्रतिष्ठानों को सील किया गया। दिवाली के बाद अभियान तेज किया जाएगा।