योगी ने कहा, फेरी नीति पर जल्द होगा फैसला
0 सर्किट हाउस में भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ सीएम ने की बैठक
0 सरकार ने जिन किसानों के कर्ज माफ किए वे लगाए कम से कम दस-दस पेड़
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने रविवार को सर्किट हाउस में भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, पर्यटन मंत्री डा. रीता बहुगुणा जोशी, स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह, उड्डयन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी आदि की मौजूदगी में उन्होंने भाजपा पदाधिकारियों से कहा कि वे कोई ऐसा काम न करें, जिससे सरकार पर उंगली उठे। उन्होंने रोड पटरी व्यापारियों को राहत पहुंचाने के लिए जल्द ही फेरी नीति पर निर्णय लिए जाने की भी बात कही। स्पष्ट किया कि यूपी की जनता ने बदलाव के लिए भाजपा को सत्ता की चाबी सौंपी है। भाजपा जनता जनार्दन की सभी उपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास कर रही है।
सीएम ने कहा कि गंगा दशहरा के दिन प्रयागराज में रहकर जो अनुभूति हो रही है, उसे शब्दों में बया नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य भाजपाई करें। जिन किसानों के सरकार ने कर्ज माफ किए हैं, उनसे गुजारिश की जाए हर एक किसान कम से कम दस-दस पेड़ जरूर लगाए। नदी किनारे पौधरोपण किया जाए तो बेहतर रहेगा। कार्यक्रम में नगर अध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता, अभिषेक शुक्ला, सुबोध सिंह, डा. एलएस ओझा, आशीष गुप्ता, शिवेंद्र मिश्र, गणेश केसरवानी, डा. कीर्तिका अग्रवाल, नरेंद्र देव पांडेय, रामाशंकर शुक्ल, मृत्युंजय तिवारी आदि की मौजूदगी में में सीएम ने कहा कि यूपी में सता संभालने के सौ दिन 29 जून को पूरे हो रहे हैं। सौ दिन के दौरान सरकार ने जो लोक कल्याणकारी निर्णय लिए हैं, उसे जनता के बीच पहुंचाने का काम किया जाए। कार्यकर्ता निकाय चुनाव की तैयारियों में भी जुट जाए। मतदाता सूची में काफी गड़बड़ी की शिकायत मिली है। गड़बड़ी दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। बैठक में उमेश द्विवेदी, शशि वार्ष्णेय, देवेंद्र नाथ मिश्र, रामरक्षा द्विवेदी, अनीता सचान, नवीन दीक्षित, शशांक त्रिपाठी, अमर वैश्य मुन्ना भइया, रवि केसरवानी, कुंज बिहारी मिश्र आदि मौजूद रहे।