00000000000000000
सीबीआई जांच पर चुप्पी साध गए सीएम
0 प्रतियोगियों को हताशा, किसी कार्यकर्ता ने नहीं उठाई उनकी आवाज
0 आयोग की भर्तियों पर बिना करण लगी रोक हटाए जाने की भी मांग
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। प्रतियोगी छात्रों को उम्मीद थी कि सीएम योगी आदित्यनाथ इलाहाबाद आएंगे तो भर्तियों में हुई धांधली की सीबीआई जांच कराए जाने की मांग पर कोई न कोई घोषणा जरूर करेंगे लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। प्रतियोगियों को तो सीएम से मिलने तक का वक्त नहीं मिला। कुछ भाजपाइयों के माध्यम से दो-तीन प्रतियोगी छात्र सीएम तक पहुंचे भी तो ज्ञापन लेकर उन्हें रफा दफा कर दिया गया। प्रतियोगी अपनी बात भी ठीक से नहीं रख सके। प्रतियोगियों में इस बात को लेकर हताशा है कि किसी कार्यकर्ता ने भी सीएम के समक्ष उनकी आवाज नहीं उठाई।
हालांकि भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक में सीएम ने अपनी तरफ से यह जरूर कहा कि इलाहाबाद प्रतिभाओं की नगरी है। प्रतिभाशाली छात्रों के साथ अन्याय करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी लेकिन सीबीआई जांच के मुद्दे पर सीएम पूरी तरह से चुप्पी साध गए। सीबीआई जांच की मांग को लेकर आंदोलन करने वाली प्रतियोगी छात्र संघर्ष समिति के मीडिया प्रभारी अवनीश पांडेय ने बताया कि समिति के प्रतिनिधिमंडल ने सीएम से मिलने के लिए समय मांगा था लेकिन अनुमति नहीं मिली। उन्होंने भाजपा के कुछ कार्यकर्ताओं से कहा था कि सीएम के समक्ष यह मुद्दा जरूर उठाए लेकिन उन्हें दुख है कि किसी भी कार्यकर्ता ने प्रतियोगियों की बात सीएम के समक्ष नहीं रखी। उधर, सीएम से मिलने वालों की सूची में छात्र नेता राणा यशवंत का नाम भी शामिल था। भाजपा से जुड़े राणा यशवंत के माध्यम से कुछ छात्रों का प्रतिनिधिमंडल सीएम से मिला लेकिन यह मुलाकात औपचारिकता भर थी। छात्रों ने सीएम से मांग की कि भर्तियों पर बिना कारण लगी रोक हटाई जाए।