संगम नगरी पहुंचते ही सीएम ने शहर कोतवाल के सामने लगाई हाजिरी
क्रासर
0 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया हनुमान दर्शन, गंगा पूजन
0 अस्पताल, मलिन बस्ती का निरीक्षण आज, करेंगे समीक्षा बैठक
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने शनिवार शाम संगम नगरी पहुंचते ही बांध स्थित बड़े हनुमान जी के दर्शन किए। इलाहाबाद में हनुमान जी को ‘शहर कोतवाल’ के रूप में भी पूजा जाता है। सीएम ने गंगा पूजन भी किया और गंगा आरती में शामिल हुए। सीएम के आगमन पर शहर में चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा के तगड़े इंतजाम किए गए हैं। वह शनिवार को इलाहाबाद में ही रात्रि विश्राम करेंगे और रविवार को किसी एक अस्पताल, थाने एवं मलिन बस्ती का निरीक्षण करने के साथ सर्किट हाउस में विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा और अर्द्धकुंभ-2019 के मद्देनजर बैठक करेंगे।
सीएम योगी आदित्य नाथ का हेलीकॉप्टर शनिवार शाम सवा चार बजे पुलिस लाइन पर उतरा। सीएम वहां से सीधे सर्किट हाउस पहुंचे और आधा घंटा रुकने के बाद वह सीधे संगम क्षेत्र में बांध स्थित बड़े हनुमान मंदिर पहुंचे, जहां अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरी ने विधि-विधान के साथ उन्हें पूजा-अर्चना कराई।
इसके बाद सीएम ने गंगा पूजन और संगम क्षेत्र का दौरा भी किया। इस दौरान वह गंगा आरती में भी शामिल हुए। इससे पूर्व उन्होंने सर्किट हाउस में शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा का अनावरण किया। सीएम से मिलने और उन्हें ज्ञापन देने के लिए संगम क्षेत्र, सर्किट हाउस के साथ जगह-जगह सामाजिक, राजनीतिक संगठनों के साथ प्रतियोगी छात्रों की भीड़ लगी रही। हालांकि सुरक्षा कारणों से लोगों को सीएम से दूर रखा गया।