000000000
पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा-2018 की उत्तर कुंजी जारी
आयोग ने सामान्य अध्ययन के पांच प्रश्नों को गलत होने पर परीक्षा से हटाया, तीन प्रश्नों के दो-दो जवाब
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने 28 अक्तूबर को हुई पीसीएस-2018 प्रारंभिक परीक्षा के चार प्रश्नपत्रों की उत्तर कुंजी जारी कर दी है। बुधवार को सामान्य अध्ययन-प्रथम एवं सामान्य अध्ययन द्वितीय प्रश्नपत्र की चारों सीरीज- ए, बी, सी, डी की प्रश्नपुस्तिकाओं की उत्तरकुंजी जारी कर दी गई है। दोनों प्रश्नपत्रों को मिलाकर कुल पांच गलत सवालों को परीक्षा से हटाने के साथ, तीन प्रश्नों के जवाब दो-दो पाए गए हैं।
उत्तर कुंजी में सामान्य अध्ययन-प्रथम प्रश्नपत्र के चार सवालों को गलत पाया गया है। उसे परीक्षा से हटा दिया गया है। जबकि, दो प्रश्नों के दो-दो जवाब हैं। एक प्रश्न में ए, बी और दूसरे प्रश्न में सी व डी, दोनों जवाब सही पाए गए हैं। इसी प्रकार सामान्य अध्ययन दूसरे प्रश्नपत्र से एक सवाल के गलत होने पर उसे परीक्षा से हटा दिया गया है। जबकि एक प्रश्न का एक से अधिक उत्तर जारी किया गया है।
आयोग की परीक्षा नियंत्रक अंजू कटियार की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि उत्तर कुंजी आयोग की वेबसाइट uppsc.up.nic.in पर 24 से 29 जनवरी तक उपलब्ध रहेगी। आयोग की परीक्षा नियंत्रक की ओर से जारी सूचना में कहा गया है कि अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट पर दी गई उत्तर कुंजी से अपने उत्तर का मिलान कर लें किसी विसंगति की स्थिति में परीक्षार्थी अपना प्रत्यावेदन आयोग की ओर से जारी प्रारूप पर सामान्य अध्ययन प्रथम एवं सामान्य अध्ययन द्वितीय प्रश्नपत्र के लिए अलग-अलग भेजें। परीक्षार्थी अपनी शिकायत 30 जनवरी शाम पांच बजे तक हर हाल में आयोग को भेज दें।