प्रवक्ता भर्ती परीक्षा का केंद्र प्रयागराज में नहीं
0 कुंभ को देखते हुए डीएम की सलाह पर उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड ने हटाया परीक्षा केंद्र
0 मौनी अमावस्या पर आने वाली भीड़ के चलते परीक्षार्थियों की दूसरी वरीयता वाले जिले में केंद्र आवंटित
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। कुंभ में आने वाली भीड़ को देखते हुए अब एक और दो फरवरी को प्रस्तावित उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड ने प्रवक्ता भर्ती परीक्षा प्रयागराज में नहीं कराने का फैसला किया है। परीक्षा नियंत्रक की ओर से जारी सूचना में कहा गया कि डीएम प्रयागराज ने कुंभ की भीड़ को देखते हुए एक और दो फरवरी को प्रस्तावित परीक्षा को कराने में कठिनाई बताई थी। ऐसे में एक और दो फरवरी की परीक्षा किसी दूसरे जिले में कराई जाएगी। ऐसे में प्रथम वरीयता के अनुसार जिले में केंद्र आवंटित किए गए हैं।
चयन बोर्ड के परीक्षा नियंत्रक नवल किशोर की ओर से जारी सूचना में कहा गया है कि प्रयागराज जनपद छोड़कर विज्ञापित दूसरे अन्य जिलों आगरा, अयोध्या (फैजाबाद), आजमगढ़, बरेली, गोरखपुर, झांसी कानपुर नगर, लखनऊ, मेरठ, मुरादाबाद एवं वाराणसी में केंद्र आवंटित कर प्रवक्ता संवर्ग का प्रवेश पत्र 14 जनवरी को वेबसाइट http://pariksha.up.nic.in/ पर अपलोड कर दिया गया है। अभ्यर्थी चयन बोर्ड की वेबसाइट से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। प्रवेश पत्र डाउनलोड करने की सुविधा दो फरवरी तक उपलब्ध रहेगी। अभ्यर्थी अपना प्रवेश पत्र उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड की अधिकारिक वेबसाइट http://www.upsessb.org / अथवा एनआईसी की वेबसाइट http://pariksha.up.nic.in/ से डाउनलोड कर सकते हैं। अभ्यर्थी प्रवेश पत्र पर छपे अनुदेश को भली भांति अध्ययन करने के बाद तय तिथि पर परीक्षा में शामिल हों। यदि किसी अभ्यर्थी को प्रवेश पत्र डाउनलोड करने में परेशानी हो तो वह चयन बोर्ड के कंट्रोल रूम फोन- 0532-2467743 अथवा मोबाइल नंबर 9161529843 पर संपर्क कर सकते हैं।
70 हजार परीक्षार्थियों की कुंभ के समय बढ़ी परेशानी
प्रयागराज। मौनी अमावस्या से दो दिन पहले एक और दो फरवरी को पड़ने वाली उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड की परीक्षा प्रवक्ता भर्ती परीक्षा का केंद्र शहर से हटाकर दूसरे जिले में कर दिए जाने से परीक्षा में आवेदन करने वाले 70473 अभ्यर्थियों की परेशानी बढ़ गई है। प्रयागराज मेला प्राधिकरण की ओर से कुंभ मेले की तिथियां पहले तय होने के बाद भी उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड की ओर से परीक्षा तिथि एक और दो फरवरी तय किया जाना ही सवालों के घेरे में आ गया है। अमर उजाला ने चयन बोर्ड की ओर से एक और दो फरवरी को परीक्षा तिथि रखे जाने और चार फरवरी को मौनी अमावस्या पड़ने को लेकर सवाल उठाया गया था। इसके बाद भी चयन बोर्ड ने परीक्षा तिथि में बदलाव नहीं किया। अब कुंभ के प्रमुख स्नान पर्व मौनी अमावस्या पर शहर में आ रही भीड़ के बीच भारी संख्या में परीक्षार्थियों को शहर से बाहर आने और जाने में परेशानी होगी।