चायल (ब्यूरो)। पूरामुफ्ती कोतवाली के समीप शनिवार को तालाब में मिली एक लाश पिपरी इलाके के अकबरपुर निवासी आसाम की थी। मौके से बरामद बाइक देखकर परिजनों ने शव की शिनाख्त की है। परिवारीजनों ने हत्या किए जाने की आशंका जाहिर की है।
पूरामुफ्ती कोतवाली के समीप स्थित तालाब में शनिवार सुबह एक युवक की लाश मिली थी। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद भी शिनाख्त नहीं हुई तो पुलिस ने उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के मुताबिक तालाब के पास ही शराब के ठेके से एक लावारिस बाइक भी बरामद की गई थी। यही बाइक देखकर परिजनों ने शव की शिनाख्त आसाम सिंह पुत्र विक्रम पटेल निवासी अकबरपुर पिपरी के रूप में की। परिवार वालों ने बताया कि छह सितंबर को आसाम बहन सोनी के यहां मीरापुर (पूरामुफ्ती) गया था। वहां से रात को घर के लिए निकला। इसी के बाद लापता हो गया। मृतक की पत्नी सरिता ने हत्या कर शव तालाब में फेंके जाने की आशंका जताई है। मामले में पूरामुफ्ती इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने से पहले इस मामले में कुछ भी बोलना जल्दबाजी होगी।