रेलवे में भी लागू हो वन रैंक वन पेंशन
ऑल इंडिया रिटायर्ड रेलवे मेंस फेडरेशन के जोनल अधिवेशन में उठी मांग
रिटायर रेलकर्मियों ने निकाला जुलूस, डीआरएम ऑफिस के सभागार में हुई सभा
इलाहाबाद। ऑल इंडिया रिटायर्ड रेलवे मेंस फेडरेशन का जोनल अधिवेशन शनिवार को डीआरएम ऑफिस स्थित सभागार में हुआ। इस दौरान पेंशनरों सेना की तर्ज पर रेलवे में भी वन रैंक वन पेंशन लागू करने की मांग की। कहा कि पेंशनरों की शिकायतों का निपटारा प्रशासन प्राथमिकता के आधार पर करे। अधिवेशन में रिटायर्ड रेलकर्मियों ने मुख्य रूप से 15 सूत्रीय मांगों पर चर्चा की। इसमें पुरानी पेंशन बहाली, पेंशन अदालत का निर्णय समय सीमा पर लागू करने की मांग मुख्य रूप से शामिल रही।
इसके पूर्व फेडरेशन के बैनर तले पेंशनर सुभाष चौराहे पर एकत्र हुए। यहां हाथों में तख्तियां, झंडा, बैनर आदि के साथ पेंशनर्स एकता मार्च निकला। जो रोडवेज बस स्टेशन होता हुआ डीआरएम ऑफिस सभागार तक गया। रास्ते भर पेंशनरों ने अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। नारेबाजी करते हुए पेंशनर डीआरएम ऑफिस पहुंचे। वहां सभागार में फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष वाईएन शास्त्री ने कहा कि हमारा संगठन पूरे देश में है और एकजुट है। पेंशन हमारी अधिकार है। वह भीख नहीं है। सरकार समस्याएं तो सुनती है लेकिन उस पर अमल नहीं करती। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल न्यायमूर्ति सभाजीत यादव ने कहा कि पेंशनर्स किसी भी विभाग का हो। सभी की जरूरतें एक ही प्रकार की है, उन्हें रेलवे पेंशनर्स के साथ संगठित होकर समस्याओं का समाधान निकालना चाहिए। कार्यक्रम में इलाहाबाद मंडल के सीनियर डीपीओ अभिषेक रंजन, पूर्व कमिश्नर आरएस वर्मा, एजीएम इलाहाबाद बैंक हरिमोहन सिंह, श्याम सुंदर सिंह पटेल के साथ फेडरेशन के अध्यक्ष किशन सिंह, बेचन अली, एसएन ठाकुर, राम प्रसाद, सुशील श्रीवास्तव, जेपी यादव, राजकुमार त्रिपाठी, एके भारद्वाज, जेपी सिंह, योगेश्वर ठाकुर आदि मौजूद रहे।