दिल्ली, मुंबई दुरंतों के बढ़ेंगे फेरे
- अर्द्ध कुुंभ मेले के मद्देनजर रेलवे बढ़ाएगा दोनों ट्रेनों के फेरे
- सांसद विनोद सोनकर ने भी की इस संबंध में रेलमंत्री से मुलाकात
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
इलाहाबाद से दिल्ली और मुंबई जाने वाली दुरंतो एक्सप्रेस के नियमित होने की आस बंधती नजर आ रही है। एक अक्तूबर 2017 से लागू हो रही रेलवे की नई समय सारिणी में इन दोनों ट्रेनों के फेरे बढ़ाने की तैयारी रेलवे ने शुरू कर दी है। इस संबंध में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की ओर से रेलवे बोर्ड को प्रस्ताव भेजा गया है।
इलाहाबाद से नई दिल्ली दुरंतों का संचालन सप्ताह में तीन दिन और मुंबई दुरंतों का दो दिन होता है। इन दोनों ही ट्रेनों के फेरे लंबे समय से बढ़ाए जाने की मांग की जा रही है। नई दिल्ली दुरंतों को जहां प्रतिदिन चलाने की मांग की गई है तो वहीं मुंबई दुरंतों को सप्ताह में चार दिन चलाने की मांग इलाहाबादियों ने की है। पिछले साल भी इन दोनों ट्रेनों के फेरे बढ़ाने की मांग की गई थी, लेकिन कोच न मिल पाने से ऐसा न हो पाया। अब वर्ष 2019 की शुरूआत में में इलाहाबाद में अर्द्ध कुंभ मेले का आयोजन है। मेले से पूर्व उत्तर मध्य रेलवे प्रशासन की भी मंशा है कि इन दोनों ट्रेनों के फेरे बोर्ड द्वारा बढ़वा दिए जाए। इस बीच भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद विनोद सोनकर ने भी रेलमंत्री सुरेश प्रभु से मुलाकात कर मुंबई और दिल्ली दुरंतों के फेरे बढ़ाने की गुजारिश की है। सांसद की माने तो रेलमंत्री ने इस पर अपनी हामी भरी है। उधर चर्चा इस बात की है कि रेलवे द्वारा एक अक्तूबर 2017 से लागू की जाने वाली नई समय सारिणी में इन दोनों ट्रेन के फेरे बढ़ाने की तैयारी की जा रही है। बताया जा रहा है कि दोनों ट्रेनों के लिए नये कोच उपलब्ध होने का रास्ता भी साफ हो गया है। सब कुछ ठीक रहा तो शीघ्र ही इन दोनों ट्रेनों के फेरे रेलवे द्वारा बढ़ा दिए जाएंगे।