यूपी बोर्ड की शनिवार को दूसरी पाली में हुई हाईस्कूल के विषय कंप्यूटर और इंटरमीडिएट के विषय रसायन विज्ञान व समाजशास्त्र की परीक्षा 1,36,744 परीक्षार्थियों ने छोड़ दी। इन तीन विषयों की परीक्षा के लिए पंजीकृत कुल 22,13,643 परीक्षार्थियों में से 20,76,866 उपस्थित रहे। प्रयागराज के दो परीक्षा केंद्रों पर सात कक्ष निरीक्षकों, पांच अन्य लोगों और आगरा में एक व्यक्ति यानी कुल 13 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया गया।
दोनों पालियों की परीक्षा में कुल 94 फीसदी अभ्यर्थियों ने अपनी उपस्थित दर्ज कराई। परीक्षा के लिए पंजीकृत 30,06,469 में से 28,19,416 उपस्थित व 1,87,053 अनुपस्थित रहे। पहली में पाली में हाईस्कूल के विषय गृह विज्ञान व इंटरमीडिएट के व्यावसायिक वर्ग के विषयों की परीक्षा के लिए पंजीकृत 7,92,826 अभ्यर्थियों में से 7,42,517 परीक्षार्थी उपस्थित रहे और 50,309 ने परीक्षा छोड़ दी।
फिलहाल, परीक्षा शुरू होने के कई दिनों बाद ऐसा हुआ, जब कोई फर्जी परीक्षार्थी नहीं पकड़ा गया। हालांकि, नकल करते हुए तीन परीक्षार्थी पकड़े गए। अब तक कुल 25 परीक्षार्थी नकल करते हुए पकड़े गए हैं। वहीं, शनिवार को 13 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद मुकदमों की संख्या बढ़कर 100 हो गई है। यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह ने बताया कि प्रयागराज में सात कक्ष निरीक्षकों के पास मोबाइल फोन मिलने पर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
आज केवल प्रयागराज में हिंदी की परीक्षा
महाकुंभ में भीड़ व यातायात प्रतिबंधों के मद्देनजर प्रयागराज में 24 फरवरी को स्थगित की गई हिंदी व अन्य विषयों की परीक्षा नौ मार्च को होगी। इस परीक्षा के लिए 1,96,610 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। प्रथम पाली में हाईस्कूल के विषय हिंदी व प्रारंभिक हिंदी में 92,673 एवं इंटरमीडिएट के विषय सैन्य विज्ञान में 94 और द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट के विषय हिंदी व सामान्य हिंदी में 1,03,843 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। हाईस्कूल के विषय हेल्थकेयर में प्रयागराज में कोई परीक्षार्थी पंजीकृत नहीं है।