जिले में समाप्त होगा 639 स्कूलों का अस्तित्व
0 एक ही परिसर में संचालित प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक स्कूल होंगे मर्ज
0 पूर्व में जारी हुआ था आदेश, एक अप्रैल से लागू की जाएगी नई व्यवस्था
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। एक ही परिसर में संचालित प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक स्कूलों को एक अप्रैल से मर्ज कर दिया जाएगा। जिले में ऐसे 639 प्राथमिक स्कूलों चिह्नित किए गए है, जिनका अस्तित्व अगले माह से समाप्त होने जा रहा है। ये स्कूल अब प्राथमिक नहीं, बल्कि उच्च प्राथमिक स्कूलों के नाम से जाने जाएंगे। ।
शासन की ओर से पूर्व में ही आदेश जारी कर दिए गए थे कि अगर एक ही परिसर में प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्कूलों का संचालन किया जा रहा है तो प्राथमिक स्कूल को उच्च प्राथमिक स्कूल में मर्ज कर दिया जाए। यह व्यवस्था नए सत्र से लागू होनी है। शासन स्तर से आदेश जारी होने बाद ऐसे स्कूलों को चिह्नित किया गया और प्रयागराज में 639 प्राथमिक स्कूल मिले, जो उसी परिसर में संचालित किए जा रहे हैं जहां उच्च प्राथमिक स्कूल भी स्थित है। अब तक प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक स्कूलों के लिए अलग-अलग प्रधानाध्यापक होते थे लेकिन एक अप्रैल सेे नई व्यवस्था लागू हो जाने से प्राथमिक स्कूलों का उच्च प्राथमिक स्कूलों में मर्जर हो जाएगा और मर्जर के बाद उच्च प्राथमिक विद्यालय का केवल एक प्रधानाध्यापक होगा।