मंझनपुर/पश्विमशरीरा। पुलिस ने दुबई के एक संदिग्ध युवक समेत दो लोगों को पकड़ा है। पूछताछ के दौरान युवक द्वारा दिए गए गोलमोल जवाबों से पुलिस को उस पर संदेह गहरा गया। वह जिले में कैसे और कब पहुंचा, खुफिया एजेंसियां इसकी पड़ताल में जुट गई हैं। युवक के पकड़े जाने की सूचना दूतावास को भी दे गई है।
पश्चिमशरीरा कोतवाली पुलिस ने परई उग्रसेनपुर गांव से राहुल राम नामक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। राहुल ने बताया कि वह 15 अगस्त से गांव के उदयराज के यहां रह रहा है। राहुल के मुताबिक वह इंटर पास है और कोचिंग पढ़ाता है। बोली में शक होने पर गांव वालों ने पुलिस को खबर दी तो रविवार को थानाध्यक्ष संजय गुप्ता ने उसे और उदयराज को हिरासत में ले लिया। राहुल के बयान की मानें तो दुबई में उसका रेस्टोरेंट था। परिवार के सारे लोग एक हादसे में मारे गए। घटना में वह भी जख्मी हो गया था। इलाज के लिए उसे दुबई के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। होश आया तो वह मुंबई के अस्पताल में भर्ती मिला। राहुल की हिरासत के बाद एसओजी, एलआईयू सहित कई जांच एजेंसियों ने उससे पूछताछ की लेकिन सफलता नहीं मिली।