एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती परीक्षा के प्रवेश पत्र जारी
साढ़े सात लाख प्रवेश पत्र यूपीपीएससी की वेबसाइट पर अपलोड
29 जुलाई को 39 जिलों के 1760 केंद्रों में कराई जाएगी परीक्षा
याचिकाएं दाखिले करने वाले अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र रोके गए
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने शनिवार को एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती परीक्षा-2018 के एडमिट कार्ड जारी कर दिए। देर शाम तकरीबन साढ़े सात लाख प्रवेश पत्र आयोग की वेबसाइट पर अपलोड कर दिए गए। पहले आधे घंटे में ही एक हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने प्रवेश पत्र डाउनलोड कर लिए। प्रवेश पत्र जारी होने के बाद परीक्षा के आयोजन को लेकर अभ्यर्थियों के बीच उत्पन्न असमंजस की स्थिति पर भी दूर हो गई।
15 विषयों में दस हजार से अधिक पदों पर भर्ती के लिए परीक्षा 29 जुलाई को होनी है। इसके लिए प्रदेश के 39 जिलों में 1760 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा में शामिल होने के लिए सात लाख 63 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किए हैं। आवेदकों की संख्या अधिक होने के कारण बहुत से अभ्यर्थियों का सेंटर दूर-दराज के जिलों में भेज दिया गया है। हालांकि आयोग ने उन अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र अभी रोक लिए हैं, जिन लोगों ने हाईकोर्ट में याचिकाएं दाखिल कर रखी हैं।
आयोग के सचिव जगदीश का कहना है कि याचिकाएं दाखिल करने वाले सभी अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र भी तैयार हैं। कोर्ट के निर्णय की कॉपी मिलने के बाद जैसा उचित होगा, वैसा किया जाएगा। प्रवेश पत्र जारी होने के साथ रोल नंबर आवंटन को लेकर उड़ाई गई अफवाह पर भी विराम लगा गया है। सोशल मीडिया में प्रचार किया जा रहा था कि आयोग ने एक साथ फॉर्म भरने वाले अभ्यर्थियों के रोल नंबर क्रमवार आंवटित कर दिए हैं और इससे परीक्षा के दौरान नकल की आशंका बनी रहेगी। सचिव ने बताया कि आयोग की सभी परीक्षाओं में रेंडमाइजेशन के आधार पर रोल नंबर आवंटित किए जाते हैं और एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती में भी ऐसा ही किया गया।