बीए प्रथम और द्वितीय वर्ष में 13-13 पेपर होंगे बहुविकल्पीय
0 इलाहाबाद राज्य विश्वविद्यालय ने जारी किया परीक्षा का प्रारूप
0 बीएसी प्रथम वर्ष में आठ, द्वितीय वर्ष में पांच पेपर बहुविकल्पीय
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
इलाहाबाद राज्य विश्वविद्यालय ने बहुविकल्पीय प्रश्नों पर आधारित परीक्षा का प्रारूप जारी कर दिया है। सत्र 2017-18 में बीए प्रथम एवं द्वितीय वर्ष में 13-13 पेपर, बीएससी प्रथम वर्ष में आठ एवं द्वितीय वर्ष में पांच पेपर और बीकॉम प्रथम वर्ष एवं द्वितीय वर्ष में दो-दो पेपर बहुविकल्पीय प्रश्नों वाले होंगे। इस बाबत रजिस्ट्रार डॉ. साहब लाल मौर्य की ओर से आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
बीए, बीएससी और बीकॉम के प्रथम एवं द्वितीय वर्ष में अलग-अलग विषयों में एक या दो पेपर बहुविकल्पीय प्रश्नों वाले होते हैं। इस बार किस विषय के कितने पेपर बहुविकल्पीय प्रश्नों वाले होंगे, इस बाबत विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से प्रारूप जारी कर दिया गया है। बीए प्रथम वर्ष में अर्थशास्त्र, शिक्षाशास्त्र, अंग्रेजी साहित्य, भूगोल, इतिहास, राजनीति विज्ञान, संस्कृत, समाजशास्त्र, प्राचीन भारतीय इतिहास का पहला और हिंदी साहित्य, गृह विज्ञान, उर्दू, रक्षा एवं रक्षा अध्ययन का दूसरा पेपर बहुविकल्पीय प्रश्नों वाला होगा। इसी तरह बीए द्वितीय वर्ष गृह विज्ञान, उर्दू, प्राचीन इतिहास का पहला पेपर और अर्थशास्त्र, शिक्षाशास्त्र, अंग्रेजी साहित्य, भूगोल, हिंदी साहित्य, इतिहास, राजनीति विज्ञान, संस्कृत, समाजशास्त्र, रक्षा एवं रक्षा अध्ययन का दूसरा पेपर बहुविकल्पीय प्रश्नों वाला होगा।
इसके अलावा बीएससी प्रथम वर्ष वनस्पति विज्ञान का तीसरा, रसायन विज्ञान का दूसरा एवं तीसरा, गणित का पहला एवं तीसरा, भौतिक विज्ञान का पहला एवं दूसरा, जंतु विज्ञान का तीसरा और बीएससी द्वितीय वर्ष भौतिक विज्ञान, जंतु विज्ञान का पहला एवं वनस्पति विज्ञान, रसायन विज्ञान, गणित का दूसरा पेपर बहुविकल्पीय प्रश्नों वाला होगा। बीकॉम प्रथम वर्ष बिजनेस रेगुलरटी का चौथा, बिजनेस इंवायरमेंट का छठवां और बीकॉम द्वितीय वर्ष इनकम टैक्स का चौथा, इंडस्ट्रियल लॉ का सातवां पेपर बहुविकल्पीय प्रश्नों वाला होगा। राज्य विश्वविद्यालय के साथ इसके संघटक महाविद्यालयों में भी इसी तर्ज पर परीक्षा का आयोजन किया जाएगा।