गौरवशाली इतिहास को याद कर भावुक हुए पुरा छात्र
0 धूमधाम से मनाया गया इलाहाबाद विश्वविद्यालय का 131वां स्थापना दिवस
0 मुख्य न्यायाधीश विनीत सरन, न्यायमूर्ति आरके अग्रवाल, न्यायमूर्ति अशोक भूषण सम्मानित
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के पुरा छात्र देश के अलग-अलग हिस्सों में शीर्ष स्थानों पर बैठे हुए हैं। सोमवार को इनमें से तीन पुरा छात्र विश्वविद्यालय के सीनेट हॉल में सम्मानित किए गए। मौका था इलाहाबाद विश्वविद्यालय के 131वें स्थापना दिवस पर आयोजित समारोह का, जहां विश्वविद्यालय के शिक्षकों के साथ बड़ी संख्या में इकट्ठा कर्मचारी और छात्र-छात्राएं इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बने। सुप्रीम कोर्ट के न्यायमूर्ति आरके अग्रवाल, न्यायमूर्ति अशोक भूषण और उड़ीसा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश विनीत सरन बतौर पुरा छात्र अपने ही विश्वविद्यालय में सम्मानित होकर भावुक नजर आए।
कुलपति प्रो. रतन लाल हांगलू ने शाल और स्मृति चिह्न भेंट कर तीनों पुरा छात्रों को सम्मानित किया। सुप्रीम कोर्ट के न्यायमूर्ति आरके अग्रवाल ने कहा कि विश्वविद्यालय की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ते देख काफी खुशी मिलती है। उन्होंने विश्वविद्यालय के विधि विभाग में मूट कोर्ट और सेमिनार के आयोजन पर जोर दिया। कहा कि विधि के छात्र-छात्राओं को भी कोर्ट जैसा माहौल मिलना चाहिए। ऐेसे में मूट कोर्ट का आयोजन किए जाने की जरूरत है। ऐसे प्रयोग छात्र-छात्राओं के कॅरियर में मददगार साबित होते हैं। उड़ीसा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश विनीत सरन ने कहा कि वह विश्वविद्यालय की ओर से सम्मानित किए जाने पर गर्व महसूस कर रहे हैं। उन्होंने छात्रों के व्यक्तित्व के पूर्ण विकास में विश्वविद्यालय की भूमिका का विशेष उल्लेख किया। न्यायमूर्ति अशोक भूषण ने कहा कि वर्तमान में विश्वविद्यालय, इसके शिक्षक एवं छात्र-छात्राओं की आधुनिक भारत के निर्माण में विशेष भूमिका है। उन्होंने विश्वविद्यालय के गौरवशाली अतीत का उल्लेख करते हुए वहां मौजूद छात्रों को प्रेरित किया।
कुलपति प्रो. हांगलू ने कहा कि स्थापना दिवस पर हम सभी को संकल्प लेना चाहिए कि विश्वविद्यालय की महान परंपरा को आगे बढ़ाने में उसका हर सदस्य अपना सार्थक योगदान दे। अतिथियों का स्वागत प्रो. एए फातमी ने किया और अतिथियों का परिचय एवं स्थापना दिवस के कार्यक्रम के महत्व को प्रो. हेरम्ब चतुर्वेदी ने रेखांकित किया। इस दौरान विधि विभाग के प्रो. आरके चौबे की पुस्तक ‘सूचना का अधिकार विधि’ का विमोचन किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय की आंतरिक गुणवत्ता रिपोर्ट का भी विमोचन हुआ। कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रदीप शर्मा एवं धन्यवाद ज्ञापन प्रो. एनके शुक्ला ने किया। इस मौके पर चीफ प्रॉक्टर प्रो. राम सेवक दुबे, पीआरओ प्रो. हर्ष कुमार समेत बड़ी संख्या में शिक्षक और छात्र मौजूद रहे।