बमरौली सबस्टेशन से नहीं शुरू हो सकी आपूर्ति
0 नगर निगम के प्रयास के बाद उपकेंद्र से निजाला जा सका पानी
0 उपकेंद्र से जुड़े कई मोहल्लों में 36 घंटे से नहीं आ रही बिजली
0 मीरापटट्ी में पानी भरने के कारण डूबे ट्रांसफार्मर, आपूर्ति बाधित
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
बमरौली सबस्टेशन से मंगलवार को भी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। सोमवार की भारी बारिश के बाद वहां पानी भर गया था। हालांकि, नगर निगम कर्मचारियों की कड़ी मशक्कत के बाद पानी तो निकाल लिया गया, लेकिन आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी। सबस्टेशन से जुड़े मोहल्लों में लगातार 36 घंटे से बिजली आपूर्ति ठप है। लोगों का गुस्सा भी बढ़ता जा रहा है।
एसडीओ बमरौली दुर्गेश यादव ने बताया कि सबस्टेशन से पानी तो निकाल लिया गया है, लेकिन अभी उपकरण गीले होने के कारण आपूर्ति नहीं शुरू हो सकी। वहीं मीरापट्टी मोहल्ले में जलभराव के कारण ट्रांसफार्मर पानी में डूब जाने के कारण सप्लाई शुरू नहीं हो सकी। एसडीओ ने बताया कि पानी हटने के बाद आपूर्ति शुरू की जाएगी। बमरौली सबस्टेशन से जुड़े पूरामुफ्ती, मुंडेरा, मीरापट्टी, बमरौली गांव, ट्रांसपोर्ट नगर, महेंद्र नगर, मिशन रोड, लाल बिहारा, शिवाला मोहल्ले सहित कई अन्य में आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी।
भारी बारिश के बीच शहर में नहीं मिली बिजली
मंगलवार को भी भारी बारिश के बीच शहर की बिजली व्यवस्था पूरी तरह से पटरी से उतरी रही। अल्लापुर सहित आसपास के कई इलाकों में दिनभर बिजली नहीं मिली। इस बात की जानकारी से अधिशाषी अभियंता फोर्ट रोड पूरी तरह से अनजान रहे। शाम पांच बजे तक अल्लापुर में बिजली की आपूर्ति हो पाई। अल्लापुर में बाघंबरी रोड पर ट्रांसफार्मर के पानी में डूब जाने से दिनभर बिजली की आपूर्ति नहीं हुई। खुसरोबाग सब स्टेशन से जुड़े लूकरगंज मोहल्ले में मंगलवार को दिनभर बिजली आपूर्ति ठप होने से लोग परेशान रहे। शाम सात बजे आपूर्ति बहाल हो सकी।
सिविल लाइंस में पेड़ गिरने से आपूर्ति ठप
महात्मा गांधी मार्ग पर मंगलवार को हुई भारी बारिश के बीच पेड़ गिर जाने से सिविल लाइंस सहित बड़े इलाके में आपूर्ति ठप रही। एसडीओ सिविल लाइंस संदीप मौर्य ने बताया कि 33 एमवी की लाइन पर पेड़ गिरने से आपूर्ति में बाधा आई। अशोक नगर सहित कई मोहल्ले में दिनभर बिजली आपूर्ति में परेशानी रही।
मीरापुर में 400 केवी का ट्रांसफार्मर जला
मीरापुर में 400 केवी का एक ट्रांसफार्मर जलने से दिनभर लोगों को बिजली के लिए परेशान होना पड़ा। शाम तक विभाग की ओर से प्रयास के बाद भी ट्रांसफार्मर नहीं बदला जा सका। लोगों का गुस्सा था कि भारी बारिश के बीच बिजली नहीं होने से लोगों को घर में जहरीले जीवों का खतरा है।
कटरा में दिनभर नहीं मिली बिजली
बारिश के कारण आई लोकल फाल्ट एवं ट्रांसफार्मर में खराबी के चलते कटरा, कर्नलगंज सहित बड़े इलाके में दिनभर बिजली नहीं रही। दिन में 11 बजे बिजली गई तो शाम को 4.30 बजे आपूर्ति बहाल हो सकी। इस क्षेत्र में बड़ी संख्या में छात्र रहते हैं, बिजली नहीं होने से उनके लिए परेशानी हुई।