पहली बारिश में ही शहर की बिजली बेपटरी
0 पंपिंग स्टेशन नहीं चलने से शाम को कई मोहल्लों में पानी आपूर्ति भी बाधित
0 दरियाबाद, बेनीगंज, ऊंचवागढ़ी समेत कई मोहल्लों के लोग देर रात रहे परेशान
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
मानसून की पहली बारिश में ही शुक्रवार को पूरे शहर की बिजली व्यवस्था पटरी से उतर गई। जगह-जगह फाल्ट की वजह से तीन से चार घंटे आपूर्ति बाधित रही। ऊंचवागढ़ी, दरियाबाग, हिम्मतगंज, बेनीगंज समेत कई मोहल्लों में तो देर रात तक बिजली आपूर्ति सुचारु नहीं हो पाई थी। रीवा रोड केंद्र में फाल्ट की वजह से करैलाबाग का पंपिंग स्टेशन भी बंद रहा। इसकी वजह से पुराने शहर के बड़े हिस्से में शाम को पेयजल आपूर्ति भी बाधित रही।
शाम को आंधी फिर हुई बारिश में रीवा रोड विद्युत केंद्र में फाल्ट हो गया। इससे मिंटो पार्क, करेली, कल्याणी देवी, करैला बाग आदि उपकेंद्रों से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। यमुना नदी में लगा पंपिंग स्टेशन भी बंद हो गया। रीवा रोड का फाल्ट ठीक होने के बाद तकरीबन सात बजे के बाद इन क्षेत्राें में बिजली सेवा बहाल हो गई, लेकिन करैलाबाग में स्थानीय गड़बड़ी की वजह से आपूर्ति बाधित रही। पंपिंग स्टेशन बंद रहने से लोग पानी के लिए भी भटकते रहे। इसके अलावा करेली, हिम्मतगंज, कालाडांढ़ा, दरियाबाग, बेनीगंज, नयापुरवा आदि मोहल्लों में देर रात तक फाल्ट नहीं ठीक किए जा सके थे और आपूर्ति बाधित रही। इस तरह से शाम को बिजली नहीं रहने की वजह से रोजदारों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
इसी तरह से कैंट तथा तेलियरगंज विद्युल स्टेशन में भी फाल्ट हो गया। इसकी वजह से इनसे जुड़े उपकेंद्र से आपूर्ति बाधित हो गई और खुसरोबाग, सिविल लाइंस, अशोक नगर, राजापुर, बेली, फाफमऊ, तेलियरगंगज, सलोरी, शिवकुटी, अल्लापुर, मम्फोर्डगंज आदि मोहल्लों बिजली गुल रही। रात तकरीबन आठ बजे तक ज्यादातर फाल्ट ठीक कर लिए गए थे लेकिन ऊंचवागढ़ी, बेली आदि मोहल्लों में देर रात तक आपूर्ति शुरू नहीं हो पाई थी। लोकल फाल्ट की वजह से इन क्षेत्रों में बिजली की समस्या कई दिनों से है।
ट्रांसफार्मर जलने से दो दिन से बिजली नहीं
इलाहाबाद (ब्यूरो)। करेली में यूनिटी पब्लिक स्कूल और मस्तान मार्केट के पास के ट्रांसफार्मर जलने से क्षेत्र के लोग दो दिनों से अंधेरे में है। लोगों का गर्मी में भी बुरा हाल है। 600-600 केवीए के दोनों ट्रांसफार्मर बृहस्पतिवार को ही जल गए थे। मस्तान मार्केट के ट्रांसफार्मर को शुक्रवार को देर रात तक बदले जाने की कवायद की जा रही थी। नाराज लोगों का उपकेंद्र पर कई बार जमावड़ा बना। इससे लगातार तनाव बना रहा।