कांग्रेस की नामांकन तैयारी बैठक में जमकर हंगामा
क्रासर
प्रत्याशी पर उदासीनता बरतने का पदाधिकारियों ने लगाया आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। फूलपुर लोक सभा सीट से शनिवार को होने वाले कांग्रेस प्रत्याशी पंकज निरंजन के नामांकन की तैयारी बैठक में शुक्रवार को जमकर हंगामा हुआ। कई पदाधिकारियों ने चुनाव में उदासीनता होने से प्रचार अभियान के गति न पकड़ने का आरोप लगाया। इस दौरान कुछ नेताओं में धक्कामुक्की की नौबत आ गई। वरिष्ठ पदाधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद भी शोर-शराबा नहीं थमा, तब जिलाध्यक्ष अनिल द्विवेदी को हस्तक्षेप करना पड़ा। उनका कहना था कि यह समय आपस में खींचतान का नहीं, बल्कि सत्ताधारी दल तो जवाब देने के लिए एकजुट होने का है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत से नामांकन जुलूस में शामिल होने की अपील की।
दोपहर बाद जीरो रोड स्थित पार्टी कार्यालय में पंकज के नामांकन जुलूस की तैयारी को लेकर बुलाई गई बैठक में पहले तो जिला उपाध्यक्ष विनय दुबे ने सवाल उठाए। इसके बाद बची-खुची कसर जिला महासचिव आशीष पांडेय ने निकाल दी। उनका कहना था कि प्रत्याशी का कार्यकर्ताओं के साथ सम्मानजनक व्यवहार न होने से दिक्कतें आ रही हैं। यही हाल रहा तो काम करना मुश्किल होगा। कुछ पदाधिकारियों ने बैठकों के अलावा संपर्क अभियान की सूचना न मिलने का भी आरोप लगाया। प्रत्याशी निरंजन ने भी आगे आकर माहौल को नरम बनाने की कोशिश की। इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष श्याम कृष्ण पांडेय,कार्यवाहक शहर अध्यक्ष नफीस अनवर, विजय मिश्रा, प्रदेश प्रवक्ता किशोर वार्ष्णेय, कोआर्डिनेटर फुजैल हाशमी, संतोष मिश्रा, जावेद उर्फी, तसलीमउद्दीन, अनीता कुशवाहा, अल्पना निषाद, मंजू संत, गुल्लू गांधी, एहतेशाम रिजवी, कैफ वारसी, प्रदेश महासचिव मुकुंद तिवारी, हसीब अहमद, अनिल कुशवाहा, मनोज पटेल समेत तमाम लोग उपस्थित थे।
इनसेट
आनंद भवन से निकलेगा नामांकन जुलूस
प्रयागराज। फूलपुर के कांग्रेस प्रत्याशी पंकज निरंजन का नामांकन जुलूस शनिवार की दोपहर 12 बजे आनंद भवन से निकलेगा। स्वराज भवन, विश्वविद्यालय चौराहा, कटरा, लक्ष्मी टाकीज चौराहा होते हुए जुलूस कलेक्ट्रेट पहुंचेगा। वहां पंकज अपना नामांकन दाखिल करेंगे।