लखनऊ रूट की ट्रेेनें निरस्त होने से बढ़ी यात्रियों की मुश्किलें
0 नौचंदी, त्रिवेणी समेत लखनऊ रूट की पांच ट्रेनें रही निरस्त
प्रयागराज। प्रयागराज से लखनऊ रूट की पांच नियमित ट्रेनें निरस्त होने से बुधवार को यात्रियों को खासी दिक्कत हुई। नौचंदी, त्रिवेणी एक्सप्रेस आदि ट्रेनों के निरस्त होने की वजह से संबंधित रूट के यात्रियों को रोडवेज बसों का सहारा लेना पड़ा। हालांकि रोडवेज की ओर से 11 अतिरिक्त बसों की व्यवस्था लखनऊ के लिए की गई, लेकिन यात्रियों की भीड़ के आगे रोडवेज का यह इंतजाम नाकाफी साबित हुआ।
दरअसल उत्तर रेलवे की ओर से लखनऊ-रायबरेली रेलखंड के दोहरीकरण का काम किया जा रहा है। इस वजह से इस रूट की तमाम ट्रेनें 23 अप्रैल तक निरस्त की गई है। 16 अप्रैल को जहां हरिद्वार एक्सप्रेस निरस्त की गई तो वहीं बुधवार 17 अप्रैल को इस रूट की नौचंदी एक्सप्रेस, त्रिवेणी एक्सप्रेस, प्रयाग-प्रतापगढ़-बरेली पैसेंजर, प्रयागघाट-लखनऊ एवं प्रयाग-ऊंचाहार-बरेली पैसेंजर निरस्त रही। एक साथ पांच ट्रेनें निरस्त होने से संबंधित रूट के मुसाफिरों को परेशानी हुई। दैनिक यात्री कुछ ज्यादा ही परेशान हुए। नियमित रूप से ऊंचाहार जाने वाले कमल राय, राजेंद्र यादव, पुनीत शुक्ला ने बताया कि रेल प्रशासन को एक साथ इतनी संख्या में ट्रेनें निरस्त नहीं करनी चाहिए थी। कमल ने कहा कि वे मासिक पास धारक है। अचानक ट्रेन निरस्त कर दिए जाने की वजह से अब मजबूरी में बस से सफर करना होगा। ट्रेन के मुकाबले बस का किराया भी ज्यादा है। उधर उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल की ओर से इन पांचों ट्रेनों का निरस्तीकरण 23 अप्रैल तक रहेगा। 23 अप्रैल को गंगा गोमती और लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस भी रेलवे द्वारा निरस्त की गई है।