अशोक सिंहल को याद कर भावुक हुए डिप्टी सीएम
0 अशोक सिंहल स्मृति न्यास की ओर से आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में की शिरकत
प्रयागराज । विश्व हिंदू परिषद के अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे स्वर्गीय अशोक सिंहल की तीसरी पुण्यतिथि पर उन्हें याद करते हुए डिप्टी सीएम केशव मौर्य शनिवार को भावुक हो गए। विहिप के केसर भवन में अशोक सिंहल स्मृति न्यास की ओर से आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में केशव ने कहा कि स्वर्गीय सिंहल आज हमारे बीच में भले ही न हो लेकिन उनके विचार हमेशा हमारे साथ है। उन्होंने अशोक सिंहल को श्री रामजन्म भूमि आंदोलन का महानायक भी बताया।
डिप्टी सीएम ने कहा कि स्वर्गीय सिंहल ने न केवल श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन का कुशल नेतृत्व ही नहीं किया बल्कि अविरल गंगा निर्मल गंगा, राजनीति में राष्ट्रवाद स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। राष्ट्रविरोधी, संस्कृति विरोधी शक्तियों के खिलाफ संघर्ष करते हुए राष्ट्र जागरण का कार्य किया। उनके सपने को पूरा करना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र प्रचारक अनिल जी ने कहा कि अशोक सिंहल जी दो चीजें पूरी करना चाहते थे । राम जन्मभूमि में राम मंदिर का निर्माण और वेदों का प्रसार। इन लक्ष्यों की दिशा में निष्ठापूर्ण कार्य करने से इन्हें पूरा किया जा सकता है। हमें राम मंदिर का निर्माण पूरा करने के लिए गंभीर प्रयास करने होंगे और उनके लिए यही सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस अवसर पर विहिप के पूर्व प्रान्त संगठन मंत्री मनोज श्रीवास्तव ने कहा कि अशोक सिंहल के कृतित्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन डा. उमेश दत्त भट्ट ने किया। इस अवसर पर डा. नरेंद्र कुमार सिंह गौर, प्रांत संघचालक डा. विश्वनाथ लाल निगम, शिव नंदन गुप्ता, शंभू नाथ, विहिप महानगर अध्यक्ष अजय गुप्ता, सौरभ श्रीवास्तव, आशुतोष श्रीवास्तव, देश दीपक श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।