अमर उजाला की योगशालाओं में दिया स्वस्थ रहने का मंत्र
योग से ही भारत बनेगा विश्वगुरु: केशरीनाथ, नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का किया उद्घाटन
प्रयाग संगीत समिति, मम्मफोर्डगंज, खेलगांव पब्लिक स्कूल, केपी गर्ल्स समेत अन्य स्थानों पर योग दिवस पर उमड़ी भीड़
इलाहाबाद। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर बृहस्पतिवार को शहर के विभिन्न स्थानों पर आयोजित अमर उजाला की योगशाला कार्यक्रम में हजारों लोगों ने एक साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ रहने का मंत्र लिया। कार्यक्रमों में सभी आयु वर्गों के लोगों के साथ कारोबारी, डॉक्टर-इंजीनियर, छात्र-छात्राएं, युवाओं और विभिन्न संगठनों निरोगी काया के लिए योग करने का संकल्प लिया।
प्रयाग संगीत समिति में सृजन सेवा समिति की ओर से आयोजित योग शिविर निरामया में बतौर मुख्य अतिथि पश्चिम बंगाल के राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी ने कहा कि निरोगी काया के लिए योग और प्रणायाम संजीवनी के समान है। योग से ही भारत विश्वगुरु बनेगा। उन्होंने कहा कि शरीर के अंगों को दुरुस्त रखने के लिए शोधों से सिद्ध हो चुका है कि मानसिक तनाव अनेक प्रकार के रोगों का कारण बनता है, इससे मुक्ति पाने का का साधन सिर्फ यौगिक क्रियाएं ही हैं। राज्यपाल ने यहा स्वास्थ्य मेला का उद्घाटन किया। जहां हजारों लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण के साथ नि:शुल्क जांचें भी कराईं।
कार्यक्रम संयोजक डॉ. बीबी अग्रवाल ने बताया कि निरामया आयोजन का चौथा वर्ष हजारों लोगों की सहभागिता से उत्साहित करने वाला है। इस मौके पर राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी ने वाराणसी से आये योग प्रशिक्षकों, साधकों और आयोजन समिति के पदाधिकारियों व सदस्यों को सम्मानित किया और योग पुस्तिका का लोकार्पण भी किया। कार्यक्रम में डॉ. मिलन मुखर्जी, डॉ. एलएस ओझा, डॉ. सुशील सिन्हा, विधायक हर्ष बाजेपयी, डॉ. रंजन बाजपेयी, अरुण अग्रवाल, अनीश टंडन, अनुरोध अग्रवाल, अमित मिश्रा, गुंजन बनर्जी, अशोक जैन, प्रमोद बंसल, सुशील केसरवानी आदि के साथ भारत विकास परिषद का विशेष सहयोग रहा।
यूनाइटेड फोरम ऑफ गवर्नमेंट पेंशनर्स एसोसिएशन के सदस्यों ने केपी गर्ल्स इंटर कॉलेज में आयोजित योगशाला में पूर्व आयुक्त आरएस वर्मा के नेतृत्व में योग और सहज योग का अभ्यास किया। एसोसिएशन की उपाध्यक्ष डॉ. सुधा प्रकाश और प्रधानाचार्य डॉ. राखी के संयुक्त सौजन्य से योग प्रशिक्षिका अनुपमा नारायणी एवं डॉ. आशा सिंह ने योग विद्या, आसन के बारे में जानकारी दी। मीरा राय ने सहज योग के बारे में बताया। अभ्यास में छात्राओं की भागीदारी भी रही।
योगाभ्यास में एसोसिएशन के अध्यक्ष 91 वर्षीय किशन सिंह, एपीसीएल श्रीवास्तव, अरविंद मालवीय, श्याम सुंदर पटले, वीके शुक्ला, रश्मि शुक्ला, विमला पटेल, हिंच लाल सिंगरौर, खुशनुमा बानो, राजलक्ष्मी तिवारी, नंदित एकाकी, वीके श्रीवास्तव समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
खेल गांव पब्लिक स्कूल पीपल गांव में डॉ. यूके मिश्रा के संयोजकत्व में योग दिवस मनाया गया। छोटे-छोटे बच्चों के साथ बड़ी संख्या में लोगों ने योगासन प्रदर्शन में शामिल होकर निरोग रहने को योग का सहारा लेने का संकल्प लिया। सिविल लाइंस में कस्बा रेस्टोरेंट परिसर में उत्तरप्र्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की ओर से आयोजित शिविर में विशेषज्ञ रमन गुप्ता ने योग के फायदे बताकर अभ्यास कराया। इस मौके पर योगेश गोयल, आशीष गुप्ता, अमिताभ गौड़, विपुल मित्तल, टीटू गुप्ता, हिमांशु गुप्ता, नवीन अग्रवाल समेत अन्य व्यापारी मौजूद रहे।
इसी तरह शिवाजी पार्क मम्फोर्डगंज में योग प्रशिक्षक अनुपमा नारायणी, डीपी स्कूल के पास लोक सेवा मंडल, त्रिवेणी बांध पर योग वेदांत कुटीर समेत अन्य स्थानों पर अमर उजाला की सहभागिता से योगशाला कार्यक्रम आयोजित किया गया।